Auto Sales in 2023: मारुति सुजुकी की बिक्री में बंपर बढ़ोतरी, अप्रैल में 1,39,519 यूनिट बिक गई
देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी ने कारों की बिक्री में भारी इजाफा दर्ज किया है। कंपनी ने पिछले महीने के जो तुलनात्मक आंकड़े जारी किए हैं, वह उत्साहजनक माने जा सकते हैं।

अप्रैल महीने में मारुति सुजुकी की कुल घरेलु बिक्री में 10.50 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में जहां इसकी 1,26,261 यूनिट बेची थी, पिछले महीने वह बढ़कर 1,39,519 यूनिट हो गई। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रोनिक उपकरणों की किल्लत से वाहनों के उत्पादन पर थोड़ा असर पड़ा था।

मारुति सुजुकी की बिक्री में बंपर बढ़ोतरी
वहीं कंपनी की घरेलू यात्री वाहनों की बिक्री इस साल अप्रैल में 12.56 फीसदी बढ़ी है। 2022 के अप्रैल में जहां 1,21,995 यूनिट बिके थे, इस साल वह बढ़कर 1,37,320 यूनिट हो गई है। कंपनी की ओर से स्टॉक एक्सचेंज के साथ सोमवार को साझा किए गए बयान के मुताबिक भारत की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी ने कहा है कि हालांकि इसके वाहनों के निर्यात में कमी दर्ज की गई है।

कॉम्पैक्ट कारों की खूब हुई बिक्री
कॉम्पैक्ट कारों की श्रेणी में जैसे कि Baleno, Celerio, Dzire,Ignis, Swift,Tour S और Wagon R की बिक्री बहुत ज्यादा बढ़ी है। पिछले साल अप्रैल में इन कारों की सिर्फ 59,184 यूनिट बिकी थी, लेकिन इस साल यह बढ़कर 74,935 यूनिट हो गई।

मारुति ने Ciaz भी खूब बेची
यह नहीं मध्यम आकार की कार Ciaz की बिक्री तो पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई है। अप्रैल 2023 में इसकी 1,017 यूनिट बिकी हैं, वहीं पिछले साल अप्रैल में इसकी सिर्फ 579 यूनिट ही बेची गई थी।

यूटिलिटी व्हीकल में भी बल्ले-बल्ले
इनके अलावा मारुति की यूटिलिटी व्हीकल जैसे कि Brezza, Ertiga, Fronx, S-Cross, XL6 और Grand Vitara की बिक्री भी बढ़ी है। पिछले साल जहां इनकी सिर्फ 33,941 यूनिट बिकी थी, इस साल यह बढ़कर 36,754 यूनिट हो गई है।

Recommended Video

मारुति सुजुकी कमाई में भी भारी इजाफा
यही वजह है कि मारुति सुजुकी ने पिछले हफ्ते जो शुद्ध लाभ के आंकड़े दिए थे, उसमें 42.34 फीसदी की उछाल दिखाई गई थी। कंपनी को 31 मार्च, 2023 को खत्म हुई तिमाही में कुल 2,670 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था, जो कि एक साल पहले इसी अवधि में 1,875 करोड़ रुपए था।

मारुति का राजस्व भी बढ़ा
कंपनी की ओर से साझा किए गए बयान के मुताबिक पिछले वित्त वर्ष की अंतिम तिमाही में कंपनी का राजस्व पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 20.82 फीसदी बढ़कर 30,823 करोड़ रुपए पहुंच गया था। जबकि, एक साल पहले कंपनी को इस दौरान 25,513 करोड़ रुपए का राजस्व मिला था।

निर्यात में थोड़ी कमी दर्ज की गई
लेकिन, कंपनी ने कहा है कि अप्रैल 2023 में सिर्फ 16,971 यूनिट का निर्यात हुआ है, जबकि, पिछले साल इसी महीने में 18,413 यूनिट विदेश भेजा गया था। यानि एक साल पहले के मुकाबले निर्यात में 1442 यूनिट की कमी दर्ज की गई है।
इन कारों की बिक्री भी घटी
यही नहीं मारुति की ओर से जानकारी दी गई है कि इसकी मिनी कारों जैसे कि अल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री भी घटी है। इस साल अप्रैल में सिर्फ 14,110 यूनिट बिकी है, जबकि पिछले साल यह 17,137 यूनिट बेची गई थी।
कंपनी के खर्च में भी भारी बढ़ोतरी
वहीं इस दौरान कंपनी के खर्च में भी बढ़ोतरी हुई है। पिछली तिमाही में कंपनी का खर्च 29,546.9 करोड़ रुपए का था। जबकि, पिछले साल इसी अवधि में उसका खर्च 25,024.2 करोड़ रुपए रहा था, जो कि 18 फीसदी कम था। (स्रोत-एएनआई, तस्वीरें-फाइल)












Click it and Unblock the Notifications