Atul Subhash Case: दादी Vs मां...किसकी ममता पर कोर्ट को भरोसा? जानें अतुल सुभाष के बेटे की कौन करेगी परवरिश?
Atul Subhash Case: बेंगलुरु के टेक इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या के बाद उनके 4 साल के बेटे की कस्टडी को लेकर सोमवार (20 जनवरी) को सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। कोर्ट के फैसले से अतुल की मां यानी मासूम की दादी को बड़ा झटका लगा। जब कोर्ट ने अतुल की पत्नी निकिता सिंघानिया के हक में निर्णय दिया।
न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए बच्चे की कस्टडी उसकी मां निकिता सिंघानिया को सौंप दी। न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना और न्यायमूर्ति एससी शर्मा की बेंच ने यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने ऑनलाइन माध्यम से बच्चे से बात की और सभी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया कि बेटा अपनी मां निकिता सिंघानिया के पास रहेगा। इस दौरान बच्चे की पहचान और उसकी निजता को सुरक्षित रखने के लिए कोर्ट की कार्यवाही ऑफलाइन कर दी गई थी।

कस्टडी विवाद: दादी बनाम मां
अतुल सुभाष की मां निशा देवी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने अपने पोते की कस्टडी मांगी थी। उनका कहना था कि वह बच्चे की देखभाल करने के लिए सबसे उपयुक्त हैं। दूसरी तरफ, निकिता सिंघानिया ने भी बच्चे की कस्टडी के लिए दावा किया।
निकिता ने कहा कि उनका बेटा फिलहाल हरियाणा के फरीदाबाद के एक बोर्डिंग स्कूल में पढ़ रहा था और वह उसे बेंगलुरु ले जाना चाहती हैं। उनकी ओर से वकील ने यह भी कहा कि मां के साथ रहना बच्चे के हित में है।
अतुल सुभाष की आत्महत्या और कस्टडी विवाद की शुरुआत
दिसंबर 2024 में अतुल सुभाष ने आत्महत्या कर ली थी। अपने 24 पन्नों के डेथ नोट में उन्होंने अपनी पत्नी निकिता और उसके परिवार पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। उनकी मौत के बाद उनकी मां निशा देवी ने अपने पोते की कस्टडी के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
न्यायालय ने क्यों चुना मां को?
सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला सुनाते हुए कहा कि बच्चे के विकास और भलाई के लिए मां के साथ रहना अधिक उपयुक्त है। कोर्ट ने बच्चे से खुद बातचीत की और उसकी भावनाओं और इच्छाओं को समझने की कोशिश की।
क्या कहा निकिता के वकील ने?
निकिता सिंघानिया के वकील ने कोर्ट को आश्वासन दिया कि वह अपने बेटे को सुरक्षित और स्थिर वातावरण में बड़ा करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे को बोर्डिंग स्कूल से निकाल लिया गया है और अब वह बेंगलुरु में अपनी मां के साथ रहेगा।
ये भी पढ़ें- अतुल सुभाष की तरह शादी से परेशान हुए ये एक्टर, तलाक की वजह से हुए डिप्रेशन का शिकार, बोले-'मैं उनका दर्द...'












Click it and Unblock the Notifications