Assembly Election Results: 'सनातन के शत्रुओं ने.....': विधानसभा चुनाव नतीजों पर क्या बोली VHP ?
Assembly Election Results 2023: विधानसभा चुनाव परिणामों को देखकर विश्व हिंदू परिषद भी गदगद है। वीएचपी ने कहा है कि सनातन धर्म के दुश्मनों ने खुद को तबाह कर लिया है।
विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को तीन राज्यों में कांग्रेस के बीजेपी के हाथों सफाए पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जो सनातन धर्म को तबाह करने चले थे, लेकिन खुद को ही खत्म कर लिया है।

'जो सनातन धर्म को तबाह करने के लिए निकलते थे...'
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बिना नाम लिए इंडिया ब्लॉक की ओर इशारों में निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है, 'जो सनातन धर्म को तबाह करने के लिए निकलते थे, आत्महत्या को मजबूर हो गए.....'
'वोट के लिए भटके हुए और तुष्टिकरण में अटके हुए लोग अब..'
वोट के लिए भटके हुए और तुष्टिकरण में अटके हुए लोग, अब तो सनातन की शक्ति को समझ पाएंगे....'
हिंदी हार्टलैंड में भाजपा की प्रचंड जीत
रविवार को हिंदी हार्टलैंड के तीन राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के चुनाव परिणाम आए हैं और तीनों में ही भाजपा ने धमाकेदार जीत दर्ज की है।
इनमें से तीनों ही राज्यों में पिछली बार कांग्रेस जीती थी। बाद में एमपी में सत्ता परिवर्तन हो गया था और बीजेपी की सरकार बनी थी।
डीएमके नेता ने सनातन धर्म पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी
दरअसल, डीएमके नेता और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सितंबर में सनातन धर्म को लेकर बहुत ही आपत्तिजनक बयान दिया था। उदयनिधि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे भी हैं, जिन्होंने आरोप लगाया था कि सनातन धर्म समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है।
यही दलील देते हुए उन्होंने सनातन धर्म को 'डेंगू और मलेरिया की तरह से मिटाए जाने' का आह्वान किया था। उन्होंने सनातन धर्म की तुलना कोरोना वायरस तक से की थी और कहा था कि सिर्फ इसके विरोध से काम नहीं चलेगा, बल्कि इसे मिटाना होगा।
इसके बाद से वे और इंडिया ब्लॉक की अन्य पार्टियां बीजेपी, आरएसएस और इससे जुड़े विचारा वाले संगठनों के निशाने पर आ गए थे। कांग्रेस इंडिया ब्लॉक की प्रमुख पार्टी है और तमिलनाडु में डीएमके की भी मुख्य सहयोगी है।












Click it and Unblock the Notifications