Assam Election: 'पाताल से भी ढूंढ लाएगी असम पुलिस', फेक पासपोर्ट विवाद पर CM हिमंत का पवन खेड़ा पर हमला
Assam Election 2026 : असम विधानसभा चुनाव के मतदान से महज 48 घंटे पहले राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री की पत्नी के 'फेक पासपोर्ट' मामले में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर असम पुलिस की छापेमारी के बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बार फिर कांग्रेस आलाकमान को निशाने पर लिया है।
जोरहाट में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सरमा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि असम पुलिस अपराधियों को पाताल से भी ढूंढकर लाने का दम रखती है।

Himanta Biswa Sarma का पलटवार, कहा- आरोप लगाने से पहले विदेश मंत्रालय से पूछना चाहिए था
मुख्यमंत्री ने पवन खेड़ा द्वारा लगाए गए पासपोर्ट धोखाधड़ी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने बुनियादी प्रोटोकॉल का भी पालन नहीं किया। उन्होंने कहा पवन खेड़ा ने मेरी पत्नी पर जो आरोप लगाए, उसके लिए उन्हें कम से कम एक बार विदेश मंत्री से बात करनी चाहिए थी। उन्होंने पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से मिले फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। यह सीधे तौर पर देश को गुमराह करने की कोशिश है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा खरगे जी की उम्र हो गई है, लेकिन वे किसी पागल व्यक्ति की तरह बातें कर रहे हैं। वे अपनी गरिमा भूल चुके हैं। सरमा ने दावा किया कि पवन खेड़ा के पास जो 'फर्जी' दस्तावेज आए हैं, वे राहुल गांधी ने मुहैया कराए हैं। उन्होंने कहा, मुझे पूरा संदेह है कि राहुल गांधी ने ही ये कागज उन्हें दिए हैं। इसलिए, यह मामला केवल पवन खेड़ा तक सीमित नहीं रहेगा, इसकी जांच की आंच राहुल गांधी तक भी जाएगी।
हमे डराने की कोशिश न करें, यह असम है: सीएम सरमा की हुंकार
विपक्ष द्वारा दी जा रही धमकियों और कानूनी कार्यवाहियों के जवाब में मुख्यमंत्री ने असम के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा-कांग्रेस हमें डराने की कोशिश न करे। यह असम की धरती है। हमने 17 बार इस्लामिक आक्रमणकारियों को धूल चटाई है और उन्हें पीछे धकेला है। हम डरने वाले लोग नहीं हैं, हम लड़ना जानते हैं।
'असम पुलिस पाताल से भी ढूंढ लाएगी'
मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि असम पुलिस किसी भी व्यक्ति तक पहुंचने में सक्षम है। असम पुलिस 'पाताल' से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है। उन्होंने कहा। इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में काफी चर्चा हो रही है और इसे एक सख्त चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है। पवन खेड़ा के घर पर हुई छापेमारी का बचाव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि चुनावी लाभ के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेना 'राष्ट्र के खिलाफ अपराध' है और इसमें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। सरमा ने कहा कि उनकी पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई FIR के बाद पुलिस अब उन 'विदेशी लिंक' की जांच कर रही है जिन्होंने कांग्रेस को यह सामग्री सप्लाई की।
बता दें कि असम की 126 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है। मुख्यमंत्री के इस आक्रामक रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा इस बार भ्रष्टाचार और 'विदेशी नैरेटिव' के मुद्दे पर कांग्रेस को पूरी तरह घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications