असम चुनाव: माजुली में बोले अमित शाह- कांग्रेस सरकार में काजीरंगा पर रहता था बदरुद्दीन के घुसपैठियों का कब्जा
असम में बोले अमित शाह- पहले काजीरंगा पर बदरुद्दीन अजमल के घुसपैठिये का कब्जा था
माजुली। असम में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने सोमवार को कांग्रेस और एआईयूडीएफ पर जमकर निशाना साधा है। असम के माजुली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि बीते पांच साल में भाजपा की सरकार में राज्य में विकास हुआ है और आतंकवाद भी खत्म हो गया है। वहीं उससे पहले जब कांग्रेस की सरकार थी तो असम में आतंकी संगठनों और घुसपैठियों की ही बात होती थी।

अमित शाह ने कहा, विश्व भर के पर्यटक काजीरंगा आ सकते थे लेकिन पहले नहीं आते थे। इसकी वजह ये थी कि पूर्व की सरकार में बदरुद्दीन अजमल के घुसपैठिये कब्जा जमाकर बैठे थे। भाजपा की सरकार में अभियान शुरू हुआ और दो दिन के अंदर सारे घुसपैठिये काजीरंगा से बाहर कर दिए गए। कांग्रेस सबको झगड़ाकर अपनी राजनीति करती है। ये बदरुद्दीन अजमल के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे तो हम घुसपैठ नहीं रोक पाएंगे। मैं राहुल गांधी को पूछना चाहता हूं कि बदरुद्दीन अजमल को गोद में बैठाकर आप असम को घुसपैठिया मुक्त कैसे बनाओगे।
Recommended Video
शाह ने कहा कि 15 साल तक यहां कांग्रेस की सरकार रही, अलग-अलग प्रकार के आतंकवादी संगठन गोलियां चलाते थे, लोगों को और हमारे सुरक्षाबलों के जवानों को मार देते थे। बीते पांच सालों में2,000 आतंकवादियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में प्रवेश किया है और असम आतंकवाद मुक्त हो गया है। उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सर्बानंद सोनोवाल और हेमंत बिस्वा सरमा की सरकार ने असम को आतंकवाद और आंदोलन मुक्त बनाने का काम समाप्त कर दिया है। कांग्रेस ने असम के सैंकड़ों युवाओं पर गोलियां चलाई थीं, हमारे युवा मारे गए थे। आज असम में आंदोलन भूतकाल बन गया है।
असम में तीन चरण में चुनाव
असम की 126 सीटों के लिए तीन चरणो में चुनाव हो रहा है। राज्य में 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को वोट पड़ेंगे। 2 मई को चुनावों के नतीजे घोषित किए जाएंगे। राज्य में 2016 में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 60 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। इससे पहले 15 साल तक यहां कांग्रेस की सरकार थी।












Click it and Unblock the Notifications