बच्चों की मौत पर अशोक गहलोत ने कहा- CAA से ध्यान हटाने के लिए उठाया जा रहा यह मुद्दा
कोटा। देश की कोचिंग सिटी कहे जाने वाले राजस्थान के कोटा में नवजात बच्चों की मौत से हड़कंप मचा हुआ है। कोटा के जेके लोन अस्पताल में दिसंबर के आखिरी दो दिनों में 9 और शिशुओं की मौत के बाद महीने में मरने वाले कुल बच्चों की संख्या 100 तक पहुंच गई। सरकार भी इस मामले को बड़ी ही गंभीरता से ले रही है और जांच की जा रही है। लेकिन इसी बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को कुछ ऐसा कहा जिससे वह फिर निशाने पर आ गए हैं।

कोटा में बच्चों की मौत मामले पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ पूरे देश में जो माहौल बना हुआ है, उससे ध्यान हटाने के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है। मैं पहले ही कह चुका हूं कि इस साल नवजात शिशुओं की मौत के आंकड़ों में पिछले कुछ सालों की तुलना में काफी कमी आई है। अशोक गहलोत ने कहा कि इस पूरे मामले पर मीडिया में जो भी चल रहा है उसमें कोई दम नहीं है। पिछले 5 साल में यह सबसे कम आंकड़ा है।
केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने बाल-रोग विशेषज्ञों की टीम भेजी
गौरतलब है कि राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार की जांच कमेटी ने हाल ही में जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें बच्चों की मौत के पीछे अस्पताल के वेंटिलेटर और वार्मर खराब होने सहित अन्य कारण बताए गए थे। अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात की है और उन्हें जल्द से जल्द कोटा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने को कहा। इसके अलावा हर्षवर्धन ने कहा है कि मैंने राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत जी से बात की है और उन्हें कोटा में होने वाली मौतों को रोकने के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications