जानिए किसके इशारे पर सोनिया ने किया अशोक चौधरी को आउट
लालू यादव अशोक चौधरी और नीतीश की बढ़ती नजदीकियों से परेशान चल रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से शिकायत की थी।
नई दिल्ली। अशोक चौधरी को बिहार कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अशोक चौधरी की छुट्टी से पीछे जो सबसे बड़ा कारण सामने आया है वो है हाल के दिनों में राजद सुप्रीमो लालू यादव से अशोक चौधरी की बढ़ी दूरी। महागठबंधन टूटने के बाद अशोक चौधरी एकाएक नीतीश कुमार के काफी करीब हो गये और लालू से दूरी बना ली। बताया जा रहा है कि लालू ने भी अशोक चौधरी की शिकायत सोनिया गांधी से की थी।

लालू ने कराई चौधरी की छुट्टी?
दरअसल लालू यादव अशोक चौधरी और नीतीश की बढ़ती नजदीकियों से परेशान चल रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी से शिकायत की थी। ये बात भी सामने आई है कि कांग्रेस नेता सीपी जोशी भी अशोक चौछरी से नाराज चल रहे थे। खबर ये भी है कि महागठबंधन से नीतीश कुमार के बाहर निकलने के बाद अशोक चौधरी आरजेडी के साथ खड़े दिखना नहीं चाहते थे लेकिन बिहार में कांग्रेस आलाकमान का मूड लालू यादव के साथ बने रहने का है।

राहुल को मिला था फीडबैक
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले माह 20 से अधिक विधायकों से मुलाकात कर पार्टी के कामकाज के बारे में उनकी अलग अलग राय जानी थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल ने कांग्रेस विधायकों को बुलाकर इसलिए बातचीत की थी ताकि पार्टी की राज्य इकाई में विभाजन को टाला जा सके। उस बातचीत में अशोक विरोधी विधायकों ने अध्यक्ष के नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़ा किया था।

चौधरी बढ़ाएंगे मुश्किल
बिहार में कांग्रेस की राजनीति को करीब से जानने वालों का कहना है कि जिस तरह से अशोक चौधरी ने मीडिया के सामने राहुल गांधी पर वार किया है, उससे साफ लगता है कि अशोक चौधरी कांग्रेस में दलितों के प्रताड़ित होने वाला कार्ड खेल सकते हैं। हटाए जाने के बाद अशोक चौधरी मीडिया की सुर्खियां बने रहेंगे और पार्टी को अंदर ही अंदर काफी नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं।अशोक चौधरी के संपर्क में रहने वाले बिहार के 27 विधायकों में से 18 से ज्यादा विधायक समर्थन में हैं, इसलिए अशोक चौधरी बिहार प्रदेश कांग्रेस को बड़ा झटका भी दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications