'नहीं दूंगा CM पद से इस्तीफा...', अरविंद केजरीवाल का दावा, पत्नी सुनीता के लिए भी कह दी ये बात
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल लोकसाभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। वह लगातार एक के बाद एक रैलियां, रोड शो कर रहे हैं। दरअसल तिहाड़ जेल में रहने की वजह से उन्हें चुनाव प्रचार अभियान शुरू करने में देरी हुई।
लेकिन अब वह इस देरी को ताबड़तोड़ रैलियों के द्वारा भरपाई कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल अग्रिम जमानत पर जेल से बाहर आए हैं और एक बार फिर से 2 जून को जेल जाएंगे। अरविंद केजरीवाल की पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और केजरीवाल को भरोसा है कि इंडिया गठबंधन इस बार केंद्र में सरकार का गठन करने जा रही है।

इस चुनाव में स्थानीय मुद्दे अहम
अरविेंद केजरीवाल ने कहा कि इस बार चुनाव मोदी फैक्टर पर नहीं हो रहा है बल्कि स्थानीय मुद्दों पर हो रहा है। उन मुद्दों पर हो रहा है जिसका सामना लोग रोजाना करते हैं। इसमे बेरोजगारी, महंगाई सबसे अहम हैं। लोग अपना घर नहीं चला पा रहे हैं, लोगों को फीस देने में और ग्रॉसरी खरीदने में दिक्कत हो रही है।
लोग कह रहे हैं कि पीएम ने इन मसलों का समाधान नहीं दिया, वह रैलियों में इसपर बोलते भी नहीं हैं। वो रैलियों में कहते हैं शरद पवार भटकी आत्मा हैं। उद्धव ठाकरे अपने पिता की असली औलाद नहीं हैं।
इंडिया गठबंधन लोगों का मंगलसूत्र चुरा लेगी, क्या इस तरह से प्रधानमंत्री बात करते हैं। लोगों को समाधान चाहिए, जो उन्हें मिल नहीं रहा है। ऐसा लग रहा है पीएम मोदी दुनिया से कट गए हैं।
मुफ्त अनाज से घर नहीं चलता
मुफ्त अनाज की योजना पर केजरीवाल ने कहा अगर मेरा बेटा डिग्री लेने के बाद बेरोजगार घर पर बैठा रहेगा ऐसे में मुझे अनाज देने से काम नहीं चलेगा। अच्छे छात्र मजदूरी करने को मजबूर हैं क्योंकि उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है।
अनाज से आपकी हर समस्या का समाधान नहीं होता है। अगर आपकी रसोई गैस, पेट्रोल के दाम, ग्रॉसरी के दाम आसमान में जाएंगे तो अनाज से समस्या का समाधान नहीं होगा।
भाजपा में अंदरूनी कलह
इस बार भाजपा एक टीम की तरह नहीं लड़ रही है। इन लोगों के सामने कई आंतरिक समस्याएं हैं। हाल ही में जेपी नड्डा ने कहा हमें आरएसएस की जरूरत नहीं है। यह छोटा बयान नहीं है।
आरएसएस इस बार नहीं लड़ रही है, वह बाहर है। इसका मतलब है कि दोनों के बीच मसला गंभीर है। ये लोग शिवराज सिंह चौहान, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल खट्टर, देवेंद्र फडणवीस को दूर कर चुके हैं, अगली बारी योगी आदित्यनाथ की है। आपको लगता है ये सब शांत रहेंगे। मोदी जी और अमित शाह की कार्यशैली से पूरी भाजपा नाराज है।
इस्तीफा नहीं दूंगा
अरविंद केजरीवाल ने कहा भाजपा का एक ही मकसद है कि मैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दूं। भाजपा दिल्ली में आप को हरा पाने में असमर्थ है। हमने यहां लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनाई।
इन्हें पता है ये हमें हरा नहीं सकते हैं, इसीलिए ये षड़यंत्र रच रहे हैं। जिसके तहत इन लोगों ने मुझे जेल भेजा, ये लोग मुझे इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर रहे हैं ताकि सरकार गिर जाए। लेकिन मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। अगर इन लोगों ने लोकतंत्र को जेल में भेज दिया है तो जेल से लोकतंत्र चलेगा।
कानूनन मैं किसी भी आरोप में दोषी नहीं हूं, मेरे खिलाफ कोई फैसला नहीं है, मैं विधायक का चुनाव लड़ सकता हूं। मैं अगर विधायक बन सकता हूं तो मुख्यमंत्री भी बन सकता हूं।
अगर कानून मुझे इसकी इजाजत देता है तो मुझे मुख्यमंत्री के तौर पर अपना काम करने के लिए सभी सुविधाएं मुहैया कराई जानी चाहिए। हम चुनाव के बाद कोर्ट का रुख करेंगे और इसकी मांग करेंगे।
पत्नी को लेकर कही ये बात
वहीं पत्नी सुनीता केजरीवाल को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उनकी कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है, वह सक्रिय राजनीति में नहीं रहना चाहती हैं और ना ही उन्हें अच्छा लगता है। वह मेरे जीवन का मजबूत स्तंभ हैं।
जब मैंने नौकरी छोड़ी तो 10 साल तक दिल्ली की झुग्गियों में भटका, उस वक्त उन्होंने मेरा साथ दिया, मेरे जैसे पागल पति का साथ देना उस वक्त आसान नहीं था। मैं जेल में था तो उन्हें लोगों के बीच आना पड़ा। वो मुझसे संदेश लेती थी और लोगों के बीच साझा करती थीं।












Click it and Unblock the Notifications