कब खुलेगा शाहीन बाग का रास्ता, अरविंद केजरीवाल ने बताई तारीख
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर वोटिंग की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही, सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। खास तौर से दिल्ली के शाहीन बाग में सीएए के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं। सोमवार को AAP संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शाहीन बाग प्रोटेस्ट पर बीजेपी को घेरा है। उन्होंने भाजपा पर 'गंदी राजनीति' करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र में सत्ता संभाल रही बीजेपी शाहीन बाग में बंद रास्ते को खोलना नहीं चाहती। यही नहीं उन्होंने शाहीन बाग का रास्ता खोलने की तारीख भी बताई है।
Recommended Video

केजरीवाल का बीजेपी पर निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को एक सभा के दौरान कहा, 'बीजेपी के लोग कह रहे हैं कि केजरीवाल रास्ता खुलवाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। चलो अनुमति दे दी। एक घंटे में रास्ता खुलवाओ।' केजरीवाल ने आगे कहा, 'वहां पर शाहीन बाग में रास्ता बंद है, उस बंद रास्ते की वजह से बहुत सारे लोगों को तकलीफ हो रही है, स्कूल के बच्चों को तकलीफ हो रही है, एंबुलेंस के जाने में तकलीफ हो रही है, जो आधा घंटे या 40 मिनट का रास्ता होता था, उसमें लोगों को ढाई से तीन घंटे लग रहे हैं। मैं इस बारे में कई बार कह चुका हूं कि इस देश के अंदर संविधान के तहत हर किसी को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है लेकिन उस विरोध प्रदर्शन की वजह से आम जनता को तकलीफ नहीं होनी चाहिए।'

केजरीवाल बोले- 9 फरवरी को ये रास्ते खुल जाएंगे
केजरीवाल ने आगे कहा, 'भारतीय जनता पार्टी की सरकार जिसके तहत लॉ एंड ऑर्डर आता है, वह इसका समाधान क्यों नहीं कर रही है? अभी रविशंकर प्रसाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे, इतने में वह शाहीन बाग हो आते। दिल्ली की लॉ एंड ऑर्डर की समस्या प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नहीं सुधरेगी, काम करने से सुधरेगी। हम से सीखो काम कैसे करते हैं। काम करना हमको आता है। इनको केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस और गंदी राजनीति करनी आती है।'

'8 फरवरी तक नहीं खुलने वाले शाहीन बाग के रास्ते'
केजरीवाल ने आगे कहा, 'आज लिख कर ले लो शाहीन बाग के रास्ते मतदान वाले दिन यानी 8 फरवरी तक नहीं खुलने वाले, 9 फरवरी को ये रास्ते खुल जाएंगे। शाहीन बाग के रास्ते भारतीय जनता पार्टी खोलना ही नहीं चाहती।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं आप सब लोगों के जरिए अपील कर रहा हूं कि गृह मंत्री अमित शाह को, पीयूष गोयल को, रविशंकर प्रसाद को, जितने इनके बड़े-बड़े नेता हैं, सबको जाना चाहिए शाहीन बाग। वहां जाकर उनसे बातचीत करनी चाहिए और बातचीत करके वो रास्ते खुलवाने चाहिए।'












Click it and Unblock the Notifications