ED के नोटिस का अरविंद केजरीवाल ने दिया जवाब, बोले- ये गैरकानूनी, राजनीति से प्रेरित
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को आज प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए बुलाया है। इस समन का जवाब देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह गैरकानूनी है और पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।
यह नोटिस भाजपा के इशारे पर भेजी गई है। यह नोटिस इस बात को सुनिश्चित करने के लिए भेजी गई है ताकि मैं चार राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए नहीं जा पाऊं। ईडी को इस नोटिस को तुरंत वापस लेना चाहिए।

वहीं ईडी के नोटिस को लेकर आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार अपनी सत्ता के नशे में चूर है, इतना घमंड हो गया है उनको कि वो हर एक छोटे दल को कुचलना चाहती है। आम आदमी पार्टी एक बढ़ती हुई राष्ट्रीय पार्टी है और पार्टी को कुचलने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार हर कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट की मानें तो आज अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। उन्हें आज सुबह 11 बजे ईडी के सामने पेश होना था। लेकिन अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने पेश होने के लिए नहीं जाएंगे।
अरविंद केजरीवाल मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं। वह आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ रोड शो करेंगे। जिस तरह से ईडी आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है उसे आम आदमी पार्टी ने राजनीति से प्रेरित बताया है।
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि ईडी किसी को भी बिना वजह समन भेज रही है। वह भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के खिलाफ आखिर क्यों कोई कार्रवाई नहीं करती है। कई भाजपा नेताओं के नाम भ्रष्टाचार के मामलों में सामने आए हैं लेकिन उनके खिलाफ ईडी कोई कार्रवाई नहीं करती है। ईडी भाजपा के इशारों पर काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications