बृजभूषण शरण सिंह को लेकर भाजपा पर बरसे अरविंद केजरीवाल, बोले- इन लोगों को बचाया जा रहा, यह शर्मनाक
बृजभूषण सिंह के खिलाफ जिस तरह से यौन शोषण के आरोप लगे उसके बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तीखा हमला बोला है।

जिस तरह से देश के दिग्गज कुश्ती के पहलवानों ने भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है उसके बाद कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस पूरे मसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके लिखा, हरियाणा के मंत्री से लेकर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष तक पर गंभीर आरोप लगे, लेकिन ना इस्तीफे हुए, ना कार्रवाई हुई। देश की महिला खिलाड़ियों को सुरक्षा के मसले पर इनकी पार्टी और सरकार अपने नेताओं को बचाने में लगी हैं। ये बेहद शर्मनाक है।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने मांग की है कि बृजभूषण सिंह अपने पद से इस्तीफा दें। खिलाड़ियों ने खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात करके अपनी बात रखी। खिलाड़ियों का कहना है कि हम अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे। वहीं जो रिपोर्ट सामने आई है उसके अनुसार खेल मंत्री ने बृजभूषण सिंह से 24 घंटे के भीतर इस्तीफा देने को कहा है। लेकिन बृजभूषण सिंह ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि मैं अपराधी का टैग लेकर इस्तीफा नहीं दे सकता हूं।
अपने ऊपर लगे आरोपों पर आज बृजभूषण सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इस बात की जानकारी दी है। उनके सोशल मीडिया पोस्ट पर पोस्ट शेयर करके कहा गया है कि बृजभूषण सिंह शाम 4 बजे के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बृजभूषण सिंह ने कहा कि आज मैं राजनीतिक साजिश का पर्दाफाश करूंगा। हालांकि इससे पहले पोस्ट करके कहा गया था कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दोपहर 12 बजे होगी, लेकिन बाद में इसके समय को बदल दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications