Arvind Kejriwal ने अपने लिए खुद मांगा नोबेल प्राइज, 'सुशासन के लिए मुझे मिले यह पुरस्कार'
Arvind Kejriwal News: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों अपनी पार्टी और संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सुशासन की मिसाल है। उन्होंने कहा इसके लिए उन्हें नोबेल प्राइज मिलना चाहिए। अपने कामकाज की तारीफ ज्यादातर सीएम और नेता करते हैं और केजरीवाल भी ऐसा करते रहे हैं। हालांकि, यह पहला मौका है जब उन्होंने अपने लिए सीधे नोबेल पुरस्कार की ही मांग कर दी है। उन्होंने कहा कि एलजी के रोकने और अड़ंगा डालने के बावजूद उन्होंने इतना काम किया है।
Arvind Kejriwal अपने साथियों के लिए मांग चुके हैं भारत रत्न
अरविंद केजरीवाल जब से दिल्ली का चुनाव हारे हैं, वह जनता को अपने पुराने वादे और काम याद दिलाते रहते हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने कहा था कि दिल्ली में सरकारी स्कूलों की शिक्षा के क्षेत्र में मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य में सत्येंद्र जैन ने जैसा काम किया है उसकी मिसाल नहीं मिल सकती है। उन्होंने सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को भारत रत्न दिए जाने की मांग की थी। अब अपने लिए उन्होंने सीधे नोबेल प्राइज ही मांग लिया है।

यह भी पढ़ें: Ludhiana West Bypoll: लुधियाना वेस्ट AAP ने जीत लिया-अब अरविंद केजरीवाल की अगली मंजिल राज्यसभा?
अरविंद केजरीवाल अब पंजाब में लगा रहे पूरा जोर
अरविंद केजरीवाल मोहाली में आम आदमी पार्टी की नेता जैसमीन भसीन की किताब लॉन्च के लिए पहुंचे थे। यहां उन्होंने आरटीआई कार्यकर्ता से दिल्ली के सीएम बनने तक के अपने सफर के बारे में चर्चा की। दिल्ली का चुनाव हारने के बाद केजरीवाल ने अपना पूरा फोकस पंजाब में लगा दिया है। पंजाब में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा, 'दिल्ली का सीएम रहते हुए मैं एक मॉडल खड़ा करना चाहता था। जिस तरह के काम मैंने किए, एलजी की इतनी रुकावटें डालने के बाद...एलजी के रोकने के बावजूद। इतनी मुश्किलों के बाद... मैं कहना चाहता हूं कि इसकी मिसाल नहीं मिल सकती है। मुझे तो लगता है कि गर्वनेंस का कोई नोबेल प्राइज हो, तो मुझे मिलना चाहिए।'
दिल्ली के एलजी के साथ केजरीवाल का रहा टकराव
बता दें कि दिल्ली के सीएम रहते हुए भी अरविंद केजरीवाल अक्सर ही एलजी के साथ टकराव की वजह से चर्चा में रहते थे। उन्होंने फिर इसे दोहराते हुए कहा, 'भाजपा वाले न तो काम करना जानते हैं और न करने देते हैं। दिल्ली में एलजी ने हमें अच्छे काम करने से रोकने की बहुत कोशिश की थी। हमारे लिए तरह-तरह से मुश्किलें खड़ी की जाती रहीं।'
यह भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल ने राज्यसभा जाने से किया इनकार, AAP अब किसे भेजेगी Rajya Sabha?












Click it and Unblock the Notifications