ग्वालियर में सेना भर्ती के दौरान हिसंक हुए परीक्षार्थी, जमकर तोड़फोड़ व आगजनी
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में चल रही सेना में भर्ती की प्रक्रिया को अचानक निरस्त किए जाने से बुधवार को परीक्षार्थी हिंसक हो गए। उग्र परीक्षार्थियों ने घटनास्थल पर खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। सेना तथा पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिसमें कई लोग घायल हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के अनुसार मेला मैदान में सेना भर्ती की प्रक्रिया चल रही थी।

बुधवार की सुबह अचानक भर्ती प्रक्रिया निरस्त किए जाने से परीक्षार्थी भड़क गए। कई वाहन फूंके गए हैं और कई लोगों को चोटें भी आई हैं। बताया गया कि परीक्षा निरस्त किए जाने की सूचना मिलते ही मेला मैदान में भगदड़ मच गई और परीक्षार्थियों न उत्पात मचाना शुरु कर दिया। देखते ही देखते सेना का भर्ती स्थल संग्राम में बदल गया। परीक्षार्थियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं सेना के जवानों ने उत्पाती छात्रों पर काबू पाने के लिए पहले लाठियां चलाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर हवाई फायरिंग भी की।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उत्पाती परीक्षार्थियों ने पांच से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं कई वाहनों में तोड़फोड़ की। उत्पाती परीक्षार्थियों द्वारा किए गए पथराव में कई सेना के जवान घायल हुए, वहीं लाठीचार्ज में कई परीक्षार्थियों को चोटें आईं। घायलों को जयारोग्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वाहनों का इंतजाम किया जा रहा है और सुरक्षा के इंतजाम भी किए गए हैं। प्रशासन ने शहरवासियों को आगाह किया है कि वे मेला मैदान की तरफ जाने से बचें।












Click it and Unblock the Notifications