Army Chief: 'स्थिति संवेदनशील लेकिन स्टेबल', LAC पर भारत-चीन के बीच कैसे है हालात? सेना प्रमुख का बड़ा बयान
Army Chief on LAC: पिछले काफी वक्त से एलएसी (LAC) को लेकर भारत और चीन के संबंधों में तनाव रहा है। हालांकि इन मामलों को सुलझाने की कोशिश लगातार जारी रही है। साथ ही तनाव वाली जगह से दोनों देशों के सैनिक पीछे हट चुके हैं। इस बीच भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी(Army Chief General Upendra Dwivedi) ने एलएसी की स्थिति को लेकर बड़ा बयान दिया है।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भारत-चीन सीमा पर सैनिकों की वापसी के प्रयासों पर बोलते हुए कहा कि एलएसी पर स्थिति 'संवेदनशील लेकिन स्थिर' है। सेना प्रमुख ने आगे कहा कि पूर्वी लद्दाख के देपसांग और डेमचोक में पारंपरिक क्षेत्रों में गश्त और चराई शुरू हो गई है और यह नियमित रूप से हो रही है।

हमारी तैनाती संतुलित और मजबूत-Army Chief
जनरल द्विवेदी ने आगे कहा, "हमारी तैनाती संतुलित और मजबूत है; हम किसी भी स्थिति से निपटने में सक्षम हैं।" एलएसी के भविष्य के बारे में बात करते हुए सेना प्रमुख ने कहा कि वे वर्तमान में सीमा पर बुनियादी ढांचे को बढ़ाने और क्षमता विकास पर फोकस कर रहे हैं।
उन्होंने अपने बयान में कहा,"मैंने अपने सभी सह-कमांडरों को गश्त और चराई के संबंध में जमीनी स्तर पर इन मुद्दों को संभालने के लिए अधिकृत किया है ताकि इन मुद्दों को सैन्य स्तर पर ही सुलझाया जा सके। एलएसी पर हमारी अपनी तैनाती संतुलित और मजबूत है। हम किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उत्तरी सीमाओं के लिए क्षमता विकास पर ध्यान केंद्रित है।"
ये भी पढ़ें: चीनी सैनिकों को भारतीय जवानों के मुकाबले मिल रहा ज्यादा ऑक्सीजन, स्ट्रैटजिक लड़ाई में क्यों पिछड़ रहा भारत?
'पाक सीमा पार आतंकवाद का समर्थन कर रहा है'
जम्मू-कश्मीर पर बोलते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सीमा पार से घुसपैठ की कोशिशें जारी हैं। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के साथ नियंत्रण रेखा Loc पर संघर्ष विराम जारी है, लेकिन घुसपैठ की कोशिशें जारी हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान में आतंकी ढांचा बरकरार है, क्योंकि देश सीमा पार आतंकवाद का समर्थन करना जारी रखता है। जनरल द्विवेदी ने कहा कि पिछले साल जम्मू-कश्मीर में मारे गए 60 प्रतिशत आतंकवादी पाकिस्तान से थे।
ये भी पढ़ें: Pakistani terrorists: 2024 में जम्मू-कश्मीर में मारे गए 60% आतंकी पाकिस्तानी, स्थानीय भर्ती के ना बराबर
मणिपुर में स्थिति नियंत्रण में-सेना प्रमुख
वहीं मणिपुर में हिंसा के बारे में बोलते हुए जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि सरकार के सक्रिय प्रयासों से राज्य में स्थिति नियंत्रण में है। जनरल द्विवेदी ने कहा, ''सुरक्षा बलों के प्रयासों और सरकार की सक्रिय पहलों से मणिपुर में स्थिति नियंत्रण में है।'' उन्होंने आगे कहा कि हिंसा की चक्रीय घटनाएं जारी हैं, लेकिन सेना क्षेत्र में शांति लाने की कोशिश कर रही है। म्यांमार सीमा पर निगरानी और दबदबे को बढ़ाया जा रहा है। बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications