पाक से तनाव के बीच जनरल बिपिन रावत ने किया सांबा और रतनुचक आर्मी कैंप का दौरा
श्रीनगर। थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने रविवार को जम्मू में सैनिकों से मुलाकात की। इस दैरान उन्होंने सांबा और रतनुचक का भी दौरा किया। जनरल रावत ने सांबा स्थित 168 इंफेंट्री ब्रिगेड और रतनुचक मिलिट्री स्टेशन का दौरा कर सीमा पर बने हालात से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा भी लिया। जनरल बिपिन रावत शनिवार से जम्मू के दौरे पर हैं।

जनरल रावत ने जम्मू में सेना के अधिकारियों से बैठक कर हालात ती जानकारी ली। सीमा पर बने तनाव के माहौल के बीच शनिवार को थल सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत जम्मू पहुंचे थे। उन्होंने व्हाइट नाइट कोर के जेओसी ले. जनरल परमजीत सिंह से सुरक्षा तैयारियों के बारे में जानकारी भी हासिल की थी। उनके साथ उत्तरी कमान के सेना कमांडर ले. जनरल रणबीर सिंह भी मौजूद थे।

इससे पहले जनरल रावत ने शनिवार को कहा कि हमारी सेना का मनोबल ऊंचा है। मैं देश की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि देश की तीनों सेनाएं पूरी तरह सक्षम और तैयार हैं और सेना किसी भी स्थिति में देश नुकसान नहीं होने देंगी। बता दें कि बीते कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल है। दोनों देशों की वायुसेना में 27 फरवरी को झड़प हो चुकी है तो वहीं नियंत्रण रेखा पर बीच-बीच में लगातार फायरिंग हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications