आपकी थाली का बढ़ेगा स्वाद, जल्द मिलेगी सस्ती अरहर की दाल की सौगात
अरहर की दाल की बढ़ती कीमतों से आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। कारोबारियों की मानें तो अफ्रीका से अरहर की दाल की सप्लाई शुरू हो गई है, ऐसे में दाल की कीमतों में 4-5 रुपए प्रति किलोग्राम तक की कमी हो सकती है। साथ ही चने की दाल में भी कमी हो सकती है।
गौर करने वाली बात है कि पिछले कुछ महीनों से अरहर की दाल की कीमतों में काफी इजाफा देखने को मिला है। थोक मंडी में दाल की कीमत 170 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है। कारोबारियों का कहना है कि अरहर की दाल की कीमतों में इजाफे की वजह इसकी सप्लाई में कमी है।

एक दाल कारोबारी ने बताया कि पिछले दिनों दाल की सप्लाई में कमी हुई है, जिसकी वजह से दाल की कीमतें बढ़ रही हैं। अफ्रीका से भी दाल की सप्लाई नहीं आ रही थी, लेकिन अब यह सप्लाई शुरू हो गई है, लिहाजा दाल की कीमतों में गिरावट आएगी।
अफ्रीका से दाल आने के बाद इसकी कीमतों में गिरावट होगी। फिलहाल थोक मंडी में अरहर की दाल की कीमत 4-5 रुपए प्रति किलोग्राम कम हुई है। साथ ही चने की दाल पर लगने वाले इंपोर्ट ड्यूटी को भी सरकार ने हटाने का फैसला लिया है। सरकार के इस फैसले के बाद इसके दाम भी कम होंगे।
बढ़ती महंगाई से राहत देने के लिए केंद्र सरकार लगातार कदम उठा रही है। रिपोर्ट के अनुसार दालों के स्टॉक पर सरकार की पैनी नजर है। अधिकारियों को मंडी में स्टॉक की जानकारी लेने के लिए भेजा जा रहा है। साथ ही जमाखोरी पर भी नजर रखी जा रही है। पिछले हफ्ते अधिकारियों की दो टीमें महाराष्ट्र पहुंची।
सरकार की ओर से इन अधिकारियों को मंडियों में भेजा जा रहा है ताकि वह यह पता लगा सकें कि कहीं जमाखोरी की वजह से दाल की कीमतों में इजाफा तो नहीं हो रहा है। अलग-अलग राज्यों में सरकार की ओर से इन टीमों को भेजने का फैसला लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications