आईपीएस अनूप कुमार सिंह ने एनएसजी डीजी का पदभार संभाला
नई दिल्ली। आईपीएस अफसर अनूप कुमार सिंह ने नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के नए डायरेक्टर जनरल के तौर पर पदभार संभाल लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली नियुक्तियों संबंधी कैबिनेट कमेटी ने 18 अक्टूबर को अनूप कुमार की ब्लैक कैट्स कमांडो बल के डीजी के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी थी। इसके 10 दिन बाद सोमवार को उन्होंने चार्ज लिया है।

एनएसजी डीजी का पद आईपीएस अधिकारी सुदीप लखटकिया की सेवानिवृत्ति के बाद पिछले दो महीने से खाली था। जिस पर अनूप कुमार सिंह की नियुक्ति हुई है। अनूप कुमार सिंह गुजरात कैडर के1985 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। सिंह का एनएसजी के डीजी के तौर पर कार्यकाल 30 सितंबर 2020 तक या अगले आदेश तक होगा।
एनएसजी की स्थापना 1984 में आतंकवाद और हाइजैक जैसी घटनाओं से निपटने के लिए संघीय आकस्मिक बल के तौर पर हुई थी। इस बल के कमांडो के देशभर में पांच केन्द्रों में हैं। उनका मुख्य कार्यालय गुड़गांव के मानेसर में है। वे कुछ हाई प्रोफाइल वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा में भी तैनात हैं।
ब्लैक कैट कमांडो या एनएसजी कमांडो को देश के सबसे खतरनाक कमांडो कहा जाता है। देश में करीब 14500 एनएसजी कमांडो हैं, जिन्हें ढाई साल की कड़ी ट्रेनिंग के बाद तैयार किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications