आंदोलन के लिए अन्ना हजारे ने मांगी पीएम मोदी से जमीन, लिखा ये पत्र
नई दिल्लीः समाजसेवी अन्ना हजारे 23 मार्च को दिल्ली में आंदोलन करने वाले हैं। इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी से जमीन की मांग करते हुए खत लिखा है। इस खत की एक कॉपी गृहमंत्री राजनाथ सिंह और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है। अन्ना हजारे ने एलान किया है कि वो भ्रष्टाचार के साथ ही किसानों के मुद्दों की अनदेखी और लोकपाल न लाने के खिलाफ वे सत्याग्रह करेंगे।

अन्ना ने लिखा है पीएम मोदी को खत
अन्ना ने लिखा है- '23 मार्च 2018 को दिल्ली में किसानों के प्रश्न, लोकपाल, लोकायुक्त कानून पर अमल, चुनाव सुधार को लेकर जो जन आंदोलन हो रहा है, उस आंदोलन के लिए दिल्ली में जगह मिलने के लिए हमने 07 नवम्बर 2017 से लेकर आज तक चार माह से ज्यादा समय में 12 बार पत्राचार किया है।'

गृहमंत्री राजनाथ सिंह और पुलिस कमिशनर को भेजी कॉपी
इसके बाद अन्ना हजारे लिखते हैं कि 'उनमें आपको, गृहमंत्री राजनाथ सिंह जी को, दिल्ली पुलिस कमिशनर को, दिल्ली नगर निगम (एम.सी.डी) के असिस्टंट डायरेक्टर (हॉर्टीकल्चर) इन सभी सम्बन्धितों को बार बार पत्र लिखा है. साथ साथ उनके दप्तर में प्रत्यक्ष भेंट और चर्चा भी की है। लेकिन अब तक कोई भी जगह नहीं मिल रही है।' अन्ना ने पीएम मोदी को आगे लिखा कि, आपको याद होगा की, किसानों के प्रश्न, लोकपाल लोकायुक्त और कई जनहित के मुद्दों पर मैंने अब तक आपको 43 बार पत्र लिखे है। लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं आया ना लोकपाल लोकायुक्त के बारे में और किसानों के बारे में कोई कार्रवाई हुई।

अन्ना ने जताई नाराजगी
बता दें, इससे पहले अन्ना हजारे ने नगर पालिका मैदान पर भारतीय किसान यूनियन की 'राष्ट्रीय किसान महापंचायत' में कहा था कि आज देश का किसान बदहाल है। किसानों द्वारा आत्म हत्या के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। सरकार ने किसानों के प्रति कल्याणकारी स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं की। केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को उन्होंने कई बार पत्र भी लिखे लेकिन कुछ नहीं हुआ।












Click it and Unblock the Notifications