अन्ना हजारे का छलका दर्द, बोले- भाजपा ने 2014 में सत्ता पाने के लिए मेरा इस्तेमाल किया
अन्ना हजारे बोले- भाजपा ने 2014 में मेरा इस्तेमाल किया
नई दिल्ली। लोकपाल की मांग को लेकर बीते छह दिन से भूख हड़ताल कर रहे समाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा है कि 2014 के चुनाव के समय भाजपा ने सत्ता तक पहुंचने के लिए उनका इस्तेमाल कर लिया। भाजपा ने 2014 के वक्त जो वादे किए उन्हें पार्टी भूल गई। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी चिट्ठियों का जवाब तक नहीं देते हैं। भाजपा के साथ-साथ आम आदमी पार्टी को भी अन्ना ने उनके आंदोलन का इस्तेमाल कर सत्ता पाने वाली पार्टी बताया है।

81 साल के अन्ना हजारे केंद्र में लोकपाल और महाराष्ट्र में लोकायुक्त की तत्काल नियुक्ति और किसानों के मुद्दों के समाधान के लिए 30 जनवरी से महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धि में अनशन कर रहे हैं।
अन्ना ने कहा है कि अगर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार लोकपाल पर अपने वादे पूरे नहीं करती तो वो अपना पद्म भूषण पुरस्कार लौटा देंगे। अन्ना ने कहा, अगर यह सरकार देश से किए अपने वादों को पूरा नहीं करती है तो, मैं अपना पद्म भूषण लौटा दूंगा। मोदी सरकार ने लोगों के विश्वास को तोड़ा है। अन्ना को 1992 में पद्म पुरस्कार दिया गया था।
इससे पहले अन्ना हजारे कह चुके हैं कि अगर उन्हें कुछ हुआ तो उसकी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की होगी। लोग मुझे ऐसे इंसान के तौर पर याद रखेंगे जो स्थिति से निपटता था, ऐसे इंसान के तौर पर नहीं जो आग भड़काता था। अगर मुझे कुछ हुआ तो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जिम्मेदार मानेंगे।












Click it and Unblock the Notifications