नजीब जंग के इस्तीफे के बाद अनिल बैजल बने दिल्ली के नए उपराज्यपाल
अनिल बैजल अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे हैं साथ ही इससे पहले वो डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) में भी रह चुके हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रखर रहे हैं।
नई दिल्ली। नजीब जंग के इस्तीफे के बाद अनिल बैजल को दिल्ली का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। आपको बता दें कि दिल्ली के नए उपराज्यपाल के लिए अनिल बैजल का नाम दो दिन पहले ही राष्ट्रपति भवन भेज दिया गया था और आज वहां से इसे मंजूरी मिल गई है। उल्लेखनीय है कि अनिल बैजल अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में गृह सचिव रहे हैं साथ ही इससे पहले वो डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) में भी रह चुके हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रखर रहे हैं। वह विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में एक्जीक्यूटिव काउंसिल से भी जुड़े रहे हैं। मोदी शासन में इस संस्था से जुड़े कुछ लोगों को सरकार में जगह मिली है। इससे पहले बैजल का नाम तब सुर्खियों में आया था जब उन्हें जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल बनाने की बात चली थी।

बता दें कि दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने 22 दिसंबर को केंद्र सरकार को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। पूर्व आईएएस अधिकारी नजीब जंग ने जुलाई, 2013 में उप राज्यपाल का पदभार संभाला था। जंग ने अपने इस्तीफे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया था। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली की जनता को सहयोग और प्रेम के लिए खासकर राष्ट्रपति शासन के एक साल के समय के दौरान को लेकर धन्यवाद दिया था। कार्यकाल के दौरान अनेकों मतभेदों के बावजूद जंग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी धन्यवाद कहा था।












Click it and Unblock the Notifications