Andhra Pradesh: TDP ने जारी की 34 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, जानें किसे मिला टिकट
आंध्र प्रदेश की विपक्षी पार्टी तेलुगु देशम पार्टी ने आंध्र प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपनी उम्मीदवारों पहली सूची जारी करने के कुछ दिनों बाद गुरुवार को 34 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी कर दी।
टीडीपी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा कि, आगामी 2024 चुनावों में तेलुगु देशम पार्टी की ओर से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही जनता के सामने रखी जा चुकी है। अब हम आपके लिए दूसरी सूची लेकर आए हैं, जिसमें 34 और उम्मीदवार हैं।

चंद्रबाबू नायडू ने आगे लिखा कि, उम्मीदवारों के चयन में हमेशा की तरह इस सूची में भी जनता की राय को प्राथमिकता दी गई है। मैं राज्य के लोगों से सभी टीडीपी उम्मीदवारों को आशीर्वाद देने और उन्हें जिताने का अनुरोध करता हूं।
टीडीपी ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची में नरसन्नपेटा से बोग्गु रमण मूर्ति को, गजुवाका से पल्ला श्रीनिवास को, चोदावरम से केएसएनएस राजू को, मदुगुला से प्याला प्रसाद को, प्रथिपादु से वरुपुला सत्यप्रभा को, रामचन्द्रपुरम से वासमसेट्टी सुभाष को, राजमुंदरी ग्रामीण से गोरंटला बुचैह चौधरी को, रामपचोदावरम (एसटी) से मिरयाला सिरीशा को, कोव्वुरु (एससी) से मुप्पिडी वेंकटेश्वर राव को, डेंडुलुरु से चिंतामनेनी प्रभाकर को मैदान में उतारा है।
बता दें कि तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जन सेना पार्टी (जेएसपी) ने सोमवार को आंध्र प्रदेश में सीट-बंटवारे के समझौते पर सहमति बन गई है। तीन दल लोकसभा और राज्यसभा का चुनाव मिलकर लड़ेंगे। समझौते के अनुसार, संसदीय चुनाव में भाजपा छह सीटों पर, टीडीपी 17 सीटों पर और जेएसपी दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
वहीं विधानसभा चुनाव में भाजपा 10 सीटों पर, टीडीपी 144 सीटों पर और जेएसपी 21 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली में तीनों दलों के बीच हुई बैठक के बाद अमरावती में हुई बैठक में सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया गया। राज्य में 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटें हैं। भाजपा के साथ गठबंधन करने को लेकर नायडू की तीखी आलोचना हो रही है। आंध्र प्रदेश को विशेष श्रेणी का दर्जा (एससीएस) देने से मोदी सरकार के इनकार के बाद वह 2018 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से बाहर हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications