दिल्ली ब्लास्ट के बाद अमित शाह का पश्चिम बंगाल का दौरा रद्द
नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल का दो दिवसीय दौरा रद्द कर दिया है। उन्होंने दिल्ली में किसान आंदोलन और इजरायल दूतावास के पास हुए ब्लास्ट के चलते बनी स्थिति की वजह से यह फैसला लिया है। बता दें कि शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे नई दिल्ली स्थित इजरायल के दूतावास के नजदीक मामूली आईईडी विस्फोट हुआ। इसमें कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव से बात की।

Recommended Video
बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ''शाह आज या शनिवार को नहीं आ रहे हैं। उनकी यात्रा स्थगित कर दी गई है। अगली तारीखों के बारे में बाद में जानकारी दी जाएगी।''
बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शुक्रवार शाम नई दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास एक विस्फोट होने के बाद यह फैसला लिया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने नई दिल्ली में हाई अलर्ट जारी करते हुए सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है।
अमित शाह शुक्रवार देर रात 11 बजे बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचने वाले थे। पश्चिम बंगाल में कुछ महीनों के बाद होने वाले चुनाव से पहले शाह का दौरा काफी अहम माना जा रहा था। कयास लगाए जा रहे थे कि टीमएसी के कुछ नेता बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। पिछले महीने भी शाह ने पश्चिम बंगाल का दौरा किया था, जिसमें शुभेंदु अधिकारी समेत कई बड़े नेता बीजेपी में शामिल हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications