दिल्ली में चुनाव तारीखों का ऐलान होते ही गृह मंत्री अमित शाह ने किया ये ट्वीट
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सोमवार को दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इसी के साथ देश की राजधानी में आचार संहिता लागू हो गई है। इस बार दिल्ली में 8 फरवरी को वोटिंग होगी, जिसमें सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 11 फरवरी को चुनाव नतीजों का ऐलान होगा। दिल्ली में चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही सियासी दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली चुनाव की घोषणा के बाद ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में विधानसभा चुनाव की घोषणा का हम हृदय से स्वागत करते हैं।

'यह चुनाव हमारी दिल्ली को विकास में अग्रणी बनाने की नींव रखने का काम करेगा'
दिल्ली विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद अमित शाह ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। उन्होंने लिखा, 'यह चुनाव हमारी दिल्ली को विकास में अग्रणी बनाने की नींव रखने का काम करेगा। मैं आशा करता हूं कि दिल्ली की जनता अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक नया कीर्तिमान बनायेगी। मुझे पूर्ण विश्वास है कि लोकतंत्र के इस महापर्व के माध्यम से दिल्ली की जनता उनको पांच साल तक गुमराह करने वाले और उनसे सिर्फ खोखले वादे करने वालों को हरा कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की जनता की आकांक्षाओं को पूर्ण करने वाली सरकार चुनेगी।'

'आम आदमी पार्टी की सरकार ने सिर्फ और सिर्फ वादे किये'
अमित शाह ने अगले ट्वीट में कहा, 'गत 60 महीनों में आम आदमी पार्टी की सरकार ने सिर्फ और सिर्फ वादे किये और अब अंतिम 3 महीने में जनता के विकास के पैसे को अपनी घोषणाओं के विज्ञापनों पर खर्च किया। दिल्ली के लोग आज भी फ्री wifi, 15 लाख CCTV कैमरे, नये कॉलेज और अस्पतालों की राह देख रहें हैं। यह चुनाव गरीबों के अपने पक्के घर के सपने को पूरा करने का चुनाव है, यह चुनाव गरीबों को आयुष्मान योजना से उनके मुफ्त इलाज का अधिकार छीनने वालों को सत्ता से हटाने का चुनाव है, यह चुनाव वोट बैंक की राजनीति के लिए दिल्ली की शांति भंग करने वालो का सूपड़ा साफ करने का चुनाव है।'
दिल्ली चुनाव को लेकर शाह की पार्टी कार्यकर्ताओं से खास अपील
एक और ट्वीट में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, 'मैं @BJP4Delhi के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूँ कि न सिर्फ मोदी सरकार द्वारा दिल्ली और देश के लिए किये गये ऐतिहासिक कार्यों को दिल्ली के घर-घर तक पहुंचाएं बल्कि दिल्ली के विकास में रोड़ा बनी आप सरकार की सच्चाई भी दिल्ली की जनता को बतायें।' इस बार दिल्ली में चुनाव को लेकर नोटिफिकेशन 14 जनवरी को जारी होंगे। नॉमिनेशन की आखिरी तारीख 21 जनवरी है। इसके बाद स्क्रूटनी 23 जनवरी को, नामांकन वापस लेने की तारीख 24 जनवरी है। दिल्ली में वोटिंग 8 फरवरी को और मतगणना 11 फरवरी को होगी।
इसे भी पढ़ें:- दिल्ली में मंगल..मंगल..मंगल, Delhi Assembly Election 2020 की तीन तारीखों का संयोग












Click it and Unblock the Notifications