अमित शाह ने गुजरात के लिए सेट कर दिया 2019 का टारगेट, मोदी को 'माटी का लाल' बता करेंगे प्रचार
अहमदाबाद। 2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी की गुजरात यूनिट को बेहद कठिन लक्ष्य दिया है। खबर है कि अमित शाह ने 2019 में सभी 26 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का टारगेट राज्य के नेताओं को दिया है। 2014 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाया था।

विधानसभा चुनाव के नतीजे पैदा कर रहे शंका
2017 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 182 सीटों में से सिर्फ 99 पर जीत मिल सकी थी। वहीं, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर सभी राजनीतिक पंडितों को हैरान कर दिया था। विधानसभा बीजेपी की हालत ऐसी हो गई थी कि मोरबी, अमरेली और गिर सोमनाथ जैसे जिलों में पार्टी खाता भी नहीं खोल पाई थी।

बीजेपी को भरोसा हो जाएगा क्लीन स्वीप का करिश्मा
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में संपन्न बीजेपी चिंतन शिविर में 2019 के लक्ष्य पर गंभीरता से चर्चा की गई। बीजेपी की यह बैठक 24-25 जून को अहमदाबाद में आयोजित की गई थी। इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत करने को कहा। पार्टी नेताओं की राय में लोकसभा और विधानसभा के मुद्दे अलग-अलग होते हैं, इसलिए 2019 में उन्हें लक्ष्य हासिल करने में कोई समस्या नहीं आएगी।

अमित शाह ने पार्टी नेताओं को दिए ये मंत्र
- चिंतन शिविर के दौरान अमित शाह ने पार्टी नेताओं से कहा कि वे मोदी सरकार और राज्य की विजय रूपानी सरकार के अच्छे कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं।
- अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के जाति कार्ड की काट के तौर पर हिंदू एकता पर बल देने की जरूत है।
- पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी को माटी का लाल बता कर लोगों से उन्हें दूसरी बार पीएम बनाने की बात ज्यादा बल दिया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications