'पुलवामा हमले के बाद शूटिंग में बिजी थे पीएम मोदी', कांग्रेस के इस आरोप पर अमित शाह का पलटवार
नई दिल्ली। पुलवामा हमले पर सियासत अब तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि पुलवामा हमले के बाद देश शोक में था और उस वक्त पीएम मोदी जिम कार्बेट पार्क में फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे। इस बयान पर अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पलटवार किया है। अमित शाह ने कहा कि जिस दिन पुलवामा की घटना हुई, पीएम मोदी एक कार्यक्रम में थे, उसको लेकर मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जितने आरोप लगाने हों, लगा लें।

कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार
आंध्र प्रदेश में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन में बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री 24 घंटे में से 18 घंटे काम करने वाले व्यक्ति हैं। उनकी देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर आपके (कांग्रेस) आरोपों का देश की जनता पर कोई असर नहीं होने वाला है। शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस कश्मीर के कारण पाकिस्तान ये आतंकी घटनाएं करवा रहा है, उस कश्मीर समस्या के जनक पंडित नेहरू हैं जिनके कारण आज कश्मीर फंसा हुआ है। शाह ने कहा कि अगर सरदार पटेल देश के पहले पीएम होते तो देश में आज कश्मीर समस्या नहीं होती।

कश्मीर समस्या नेहरू की देन- शाह
बता दें कि पुलवामा हमले के बाद कांग्रेस ने आज मोदी सरकार से कई सवाल किए। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पीएम मोदी ने जवानों की शहादत के बाद राष्ट्रीय शोक की घोषणा नहीं की ताकि सरकारी खर्च पर होने वालीं राजनीतिक सभाएं रुक न जाएं। जब शहीदों के शव दिल्ली एयरपोर्ट पर थे, तब पीएम मोदी देरी से आए। झांसी से वे पहले अपने घर गए सीधे एयरपोर्ट नहीं गए।

पुलवामा हमले के बाद शूटिंग में बिजी थे पीएम मोदी, कांग्रेस का आरोप
पुलवामा हमले पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी से पूछा था कि NSA और गृह मंत्री की विफलता वे क्यों स्वीकार नहीं करते है। कांग्रेस ने पूछा कि आतंकवादियों को बड़ी मात्रा में RDX और रॉकेट लॉन्चर कैसे मिला? हमले के 48 घंटे पहले जैश-ए-मोहम्मद ने वीडियो जारी कर चेतावनी दी थी। 8 फरवरी को भी एक खुफिया रिपोर्ट आई थी। इन चेतावनियों को क्यों नजरअंदाज किया गया?












Click it and Unblock the Notifications