'केजरीवाल को स्पेशल ट्रीटमेंट मिला', मालीवाल से लेकर जमानत के मुद्दे तक, अमित शाह ने दिल्ली CM पर किया पलटवार
Amit Shah News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शराब नीति मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को नियमित फैसला नहीं बताया है। अमित शाह ने कहा है कि, कई लोगों का मानना है कि अरविंद केजरीवाल को स्पेशल ट्रीटमेंट दिया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा ''मेरा मानना है कि यह कोई नियमित फैसला नहीं है। इस देश में बहुत से लोग मानते हैं कि उन्हें स्पेशल ट्रीटमेंट दिया गया है।''

अमित शाह ने केजरीवाल के उस बयान पर भी पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी के 75 साल की उम्र में रिटायर होने की बात की थी। अमित शाह ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2029 तक बने रहेंगे। और अरविंद केजरीवाल, मेरे पास आपके लिए बुरी खबर है... 2029 के बाद भी, पीएम मोदी हमारा नेतृत्व करेंगे।''
स्वाति मालिवाल के मामले पर भी अमित शाह ने किया तंज
अमित शाह ने आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के आरोपों पर भी टिप्पणी की। रिपोर्ट के मुताबिक सीएम अरविंद केजरीवाल के पीए और करीबी सहयोगी विभव कुमार ने उन पर हमला किया था।
अमित शाह ने कहा, ''फिलहाल, वह (अरविंद केजरीवाल) दूसरे मुद्दे में फंस गए हैं, उन्हें इससे फ्री ही रहने दीजिए, फिर देखते हैं क्या होता है।''
अमित शाह बोले- 'केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट की अवमानना कर रहे...'
अमित शाह ने केजरीवाल के दावों पर भी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें केजरीवाल ने कहा था कि, उनकी पार्टी को आम चुनाव में पर्याप्त वोट मिले तो उन्हें वापस जेल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अमित शाह ने कहा, ''मेरा मानना है कि यह सुप्रीम कोर्ट की स्पष्ट अवमानना है। वह (केजरीवाल) यह कहना चाह रहे हैं कि अगर कोई जीत कर आता है तो सुप्रीम कोर्ट उसे जेल नहीं भेजता भले ही वह दोषी क्यों न हो। जिन न्यायाधीशों ने उन्हें जमानत दी, उन्हें यह सोचना होगा कि उनके फैसले का उपयोग या दुरुपयोग कैसे किया जा रहा है।''












Click it and Unblock the Notifications