पश्चिम बंगाल में बोले शाह, हर जिले में बम बनाने की फैक्ट्री लगा रही ममता सरकार
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर में रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने तृणमूल सरकार पर निशाना साधा है। मंगलवार को यहां अमित शाह ने कहा, बंगाल की सरकार ने राज्य के विकास के लिए उद्योग लगाने के बजाय हर जिले में बम बनाने की फैक्ट्री लगाने का काम किया है। बंगाल में जब कांग्रेस थी तो राज्य में गरीबी की शुरुआत हुई, कम्युनिस्ट आये तो हिंसा की शुरुआत हुई और ममता दीदी ने गरीबी और हिंसा के साथ-साथ सिंडिकेट भी चालू कर दिया है।

अमित शाह ने इस दौरान सिटिजनशिप बिल को लेकर ममता बनर्जी से जवाब देने को कहा। शाह ने कहा कि मोदी सरकार शर्णार्थियों को नागरिकता देने जा रही है लेकिन ममता इस पर रुख स्पष्ट नहीं कर रही हैं। ममता बनर्जी को बताना चाहिए कि वो संसद में सिटिजनशिप बिल के साथ हैं या खिलाफ।
शाह ने कहा, कोई भी क्षेत्र तब तक समृद्ध नहीं होता है जब तक वहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत नहीं होती। भाजपा के कार्यकर्ता रथ यात्रा लेकर बंगाल के घर-घर तक संपर्क करना चाहते थे, लेकिन बंगाल की सरकार ने हमें बंगाल की जनता से मिलने नहीं दिया। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता बंगाल की जनता के घर-घर जाकर लोकतंत्र की स्थापना करने का काम करेगा। हम ममता दीदी की सरकार की ओर से राज्य में फैलाई जा रही अराजकता का विरोध करते हैं तो हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications