कोरोना के खिलाफ एक और अच्छी खबर, अमेरिकी कंपनी मॉडर्ना की वैक्सीन 94.5 प्रतिशत प्रभावी
नई दिल्ली: पूरी दुनिया कोरोना महामारी से परेशान है। जिस वजह से सभी को पाबंदियों के साथ जिंदगी गुजारनी पड़ रही है। हालात तब तक ऐसे रहेंगे जब तक कोरोना वायरस की वैक्सीन बाजार में नहीं आ जाती है। इस बीच अमेरिका की बायोटेक फर्म मॉडर्ना ने एक राहत भरी खबर दी है। जिसके मुताबिक उसका टीका 94.5 प्रतिशत प्रभावी है। ये बात उसके क्लिनिकल ट्रायल में निकलकर सामने आई। वहीं पिछले हफ्ते अमेरिकी दवा कंपनी फाइजर और उसके जर्मन पार्टनर बायोएनटेक ने कहा था कि उसका टीका 90 प्रतिशत प्रभावी है।
Recommended Video

क्या कहा सीईओ ने?
मॉडर्ना के सीईओ स्टीफन बैंसेल ने कहा कि उनकी कंपनी ने 30 हजार लोगों पर वैक्सीन का ट्रायल किया। फेस-3 के विश्लेषण में ये बात सामने आई कि उनकी वैक्सीन कोरोना वायरस को रोक सकती है। अब कंपनी की कोशिश है कि वो अमेरिका समेत दुनियाभर के देशों में स्वीकृत के लिए आपातकालीन आवेदन करें। साथ ही उनका लक्ष्य साल के अंत तक 20 मिलियन यानी दो करोड़ खुराक का उत्पादन करना है।

कुछ लोगों को वैक्सीन के बाद भी संक्रमण
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक मॉडर्ना ने अपनी वैक्सीन नई टेक्नोलॉजी से तैयार की है। इसमें RNA या mRNA नाम के मैसेंजर का उपयोग किया गया। इस वैक्सीन के ट्रायल के दौरान पता चला कि 100 में से 95 लोग तो कोरोना से बच गए, जबकि सिर्फ 5 लोग ऐसे थे, जिन्हें वैक्सीन की दो खुराक देने के बावजूद संक्रमण का सामना करना पड़ा। मॉडर्ना और फाइजर की टेक्नोलॉजी करीब-करीब एक है, बस मॉडर्ना वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए अल्ट्रा कोल्ड तापमान की जरूरत नहीं पड़ती है।

भारत में क्या है ट्रायल का हाल?
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की ओर से विकसित 'कोविशिल्ड' नाम की वैक्सीन के उत्पादन के लिए एस्ट्राजेनेका के साथ हाथ मिलाया है। कोरोना वायरस वैक्सीन का मौजूदा वक्त में दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल चल रहा है। ट्रायल सफल होने के बाद SII कम से कम 1 बिलियन खुराक का उत्पादन करेगा। SII के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा कि अगर कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल प्रभावी रहता है, तो उनका संस्थान दिसंबर तक नई दिल्ली से आपातकालीन प्राधिकरण प्राप्त कर सकता है। अभी तक अगले महीने 10 करोड़ डोज आने का अनुमान है। फिलहाल वैक्सीन ट्रायल के अभी तक के नतीजे सकारात्मक हैं।












Click it and Unblock the Notifications