नीतीश, पासवान के बाद NDA के एक और सहयोगी ने बढ़ाई अमित शाह की मुश्किल
पटना। उपचुनावों में मिली एक के बाद एक हार के बाद एनडीए में घमासान मचा हुआ है। पहले नीतीश कुमार, उसके बाद राम विलास पासवान और अब राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बीजेपी परेशानी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि एनडीए में तालमेल की कमी है, इसलिए यह जरूरी है कि सभी घटक 2019 की तैयारी करें और चुनाव का समय आने से पहले ही तय कर लें कि कौन सा दल, कितनी सीटों पर लड़ेगा।

उपचुनावों में एनडीए उम्मीदवारों को लगातार मिल रही हार पर चिंता जताते हुए कुशवाहा ने कहा कि गठबंधन और सरकार की नीतियां ठीक से लागू नहीं हो पा रही हैं। कुशवाहा ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों की समीक्षा करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि पीएम दिन-रात काम करते हैं, ऐसे में यह जानना अब जरूरी हो गया है कि आखिर चूक कहां हो रही है।
कुशवाहा ने कहा कि इस समय एनडीए की बैठक बुलाना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि उपचुनावों में हार की समीक्षा की जा सके। उन्होंने पिछड़ा समाज के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण की सीमा पर कहा कि यह उचित नहीं है। आरक्षण पिछड़ा समाज की आबादी के हिसाब से मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में दलित और पिछड़ा वर्ग के लोग नहीं आएंगे, तब तक समाज को उसका हक नहीं मिल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications