टाटा ग्रुप से अलग होकर भारत सरकार के अधीन आई एलायंस एयर, जानें क्या-क्या बदला
टाटा ग्रुप से अलग होकर
नई दिल्ली, 16 अप्रैल: क्षेत्रीय एयरलाइन एलायंस एयर एयरलाइन सरकार के नियंत्रण में अब एक स्वतंत्र व्यावसायिक इकाई बन गई है। एयर इंडिया के विनिवेश से पहले एलायंस एयर इसी का एक हिस्सा थी। टाटा ने कहा है कि ये एयरलाइन उसका हिस्सा नहीं है। ऐसे में एलायंस एयर ने अब अपनी यात्री सेवा प्रणालीका स्वतंत्र परिचालन शुरू कर दिया है। ये सीधे केंद्र सरकार के नियंत्रण में संचालित हो रही है। केंद्र के पास अब एलायंस एयर एकमात्र एयरलाइन है।

एलायंस एयर ने टिकटों की बिक्री का कोड भी बदल दिया है। एयरलाइन '9आई' कोड से हवाई टिकटों की बिक्री करेगी। इसके अलावा एलायंसएयर डॉट इन (allianceair.in) नाम से अलग वेबसाइट भी शुरू की है। यह एयरलाइन करीब 70 सीटों की क्षमता वाले 18 एटीआर-72 विमानों के बेड़े का संचालन करती है। एलायंस एयर की टिकटों की बुकिंग और उड़ानों के कार्यक्रम तय करने से जुड़ी प्रणाली शुक्रवार से उसके अपने क्लाउड-आधारित पीएसएस पर ट्रांसफर हो गई है।
टाटा ने क्या कहा
टाटा समूह ने भी यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है, ताकि बुकिंग को लेकर उनको कंफ्यूजन ना हो। कंपनी ने कहा है कि जिन यात्रियों के पास 9 अंक से शुरू होने वाले 4-डिजिट फ्लाइट नंबर के टिकट हैं, उनकी बुकिंग एलायंस एयर की है। यही नियम '9I' से शुरू होने वाले 3-डिजिट फ्लाइट नंबर के टिकट के लिए भी लागू है। कंपनी ने आगे कहा कि हम यात्रियों से निवेदन करते हैं कि वो एलायंस एयर और एयर इंडिया की बुकिंग में अंतर जान लें, ताकि उन्हें कोई दिक्कत ना हो। ये नया नियम 15 अप्रैल से प्रभावी हो गया है। एलायंस एयर के अलग होने के बाद यात्रियों को दिक्कत ना हो, इसके लिए एयर इंडिया ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अगर आपको कोई समस्या है तो +91-44-4255 4255 और +91-44-3511 3511 पर कॉल कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications