सर्वदलीय बैठक में RJD ने अडानी और TMC ने बीबीसी डॉक्यूमेंट्री का मुद्दा उठाया
संसद का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा, उससे पहले सर्वदलीय बैठक बुलाई गई। जिसमें सभी दलों से सहयोग मांगा गया।

संसद का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा। उससे एक दिन पहले सोमवार को संसद भवन में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई, जहां सभी राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे। इस दौरान सत्र को शांतिपूर्वक ढंग से चलाने को लेकर चर्चा हुई। साथ ही सभी ने उन-उन मुद्दों के बारे में सरकार को अवगत करवाया, जिस पर वो चर्चा चाहते हैं।
संसद भवन परिसर में हुई बैठक में सदन के उपनेता राजनाथ सिंह, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी, सदन के नेता पीयूष गोयल, संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और वी मुरलीधरन मौजूद रहे। वहीं डीएमके नेता टीआर बालू, टीएमसी नेताओं सुदीप बंद्योपाध्याय, सुखेंदु शेखर रे, एनसीपी चीफ शरद पवार, शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी आदि ने विपक्षी दलों के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। बैठक में कांग्रेस के नेता अनुपस्थित रहे, क्योंकि मल्लिकार्जुन खड़गे और अधीर रंजन चौधरी भारत जोड़ो यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने श्रीनगर गए हुए हैं।
वहीं बैठक में आरजेडी ने गौतम अडानी की कंपनी और टीएमसी ने पीएम मोदी पर बनी बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर प्रतिबंध का मुद्दा उठाया। इसके बाद बीएसपी ने चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए संसद में चर्चा की मांग की। इस पर सरकार ने कहा कि कुछ मामलों पर सदन के पटल पर चर्चा नहीं की जा सकती क्योंकि यह सुरक्षा से संबंधित है।
संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी के मुताबिक संसद के बजट सत्र को इस बार दो भागों में बांटा गया है। पहला भाग 31 जनवरी से शुरू होगा, जो 13 फरवरी तक चलेगा। इसमें 31 तारीख को आर्थिक सर्वे की रिपोर्ट पेश की जाएगी, इसके एक दिन बाद यानी 1 फरवरी को आम बजट पेश होगा। जोशी ने आगे बताया कि सत्र का दूसरा भाग 13 मार्च को शुरू होगा, जो 6 अप्रैल तक जारी रहेगा। सत्र शुरू होने से पहले सरकार ने सभी दलों से सहयोग की अपील की है।
पीएम मोदी दोनों सदनों में देंगे जवाब
गुरुवार से दोनों सदनों में 'राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव' पर चर्चा होगी, जिसके बाद पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा और राज्यसभा दोनों में जवाब देंगे।
इन मुद्दों पर हो सकता है हंगामा
संसद का बजट सत्र भी हंगामेदार होने के आसार हैं। उम्मीद जताई जा रही कि विपक्षी दल चीनी घुसपैठ, बीबीसी की विवादित डॉक्यूमेंट्री, महंगाई, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को उठा सकते हैं। इसके अलावा बजट में होने वाले ऐलान पर भी हंगामा हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications