अजित की घर वापसी, देर रात शरद पवार से मिलने पहुंचे 'सिल्वर ओक'
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों तक चले सियासी ड्रामें का केंद्र रहे अजित पवार मंगलवार शाम एनसीपी चीफ शरद पवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। शरद पवार के साथ अजित की बैठक के दौरान सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं। इससे पहले महाराष्ट्र में जारी सियासी नाटक के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजित पवार ने इस्तीफा दे दिया था। दोनों नेताओं का इस्तीफा सुप्रीम कोर्ट के फ्लोर टेस्ट कराने के आदेश के बाद हुआ।

बता दें कि, बीजेपी साथ मिलकर सरकार बनाने वाले अजित पवार की घर वापसी के लिए उनके परिवार और पार्टी के नेता लगातार प्रयास कर रहे थे। मंगलवार को सुप्रिया सुले के पति सदानंद सुले अजित पवार से मिलने गए थे। ऐसा कहा जा रहा है कि, अजित पवार की वापसी में घर की महिलाओं की बड़ा योगदान माना जा रहा है। इससे पहले शरद पवार ने अजित पवार से फोन पर बात कर कहा था कि, वह उनसे नाराज नहीं, वह इस्तीफा देकर घर वापस आ जाएं।
इसके बाद मंगलवार देर रात अजित पवार एनसीपी चीफ से मिलने उनके घर सिल्वर ओक पहुंचे। इससे पहले मुंबई स्थित ट्राइडेंट होटल में शिवसेना, एनसीपी, कांग्रेस और कुछ छोटे दलों ने उद्धव ठाकरे को अपना नेता चुना। महाविकास अघाड़ी का नेता चुने जाने के बाद उद्धव ठाकरे ने कहा कि, कभी सोचा नहीं था कि मैं सीएम बनूंगा। संघर्ष के समय बालासाहेब की बहुत याद आती है। उद्धव ठाकरे ने महाविकास अघाड़ी का नेता चुने जाने के बाद शरद पवार और सोनिया गांधी का धन्यवाद किया।
वहीं शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन 'महा विकास अघाड़ी' की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए नामित उद्धव ठाकरे मंगलवार रात राजभवन पहुंचे और महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए दावा पेश किया। शिवसेना के एक नेता ने बताया कि शिवसेना चीफ उद्धव ठाकरे के साथ शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के विधायक दलों के नेता भी थे। उन्होंने बताया, 'हम राज्यपाल के सामने सरकार गठन के दावे के लिए एक संयुक्त बयान पेश कर रहे हैं। हम जरूरी प्रक्रिया के तहत, तीनों दलों के सभी विधायकों के समर्थन का प्रमाण भी राज्यपाल को पेश करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications