Airtel 5G Shimla में शुरू, हिमाचल की राजधानी में मिलेंगी बेहतरीन इंटरनेट सर्विस
Airtel 5G Shimla में शुरू हो गया है। हिमाचल की राजधानी शिमला के कुछ इलाकों में अब 4जी की तुलना में 30 फीसदी तक फास्ट इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। कंपनी ने कहा, 5जी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।

एयरटेल शिमला में अपनी 5जी इंटरनेट सेवाएं शुरू कर रही है। टेल्को ने कहा कि एयरटेल 5जी प्लस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू होंगी। कंपनी ने कहा, ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए Airtel अपने नेटवर्क का निर्माण और 5जी इंटरनेट सर्विस को रोल-आउट पूरा करना जारी रखे हुए है। कंपनी के बयान के अनुसार, पांचवीं पीढ़ी के मोबाइल सिस्टम (5जी) से लैस डिवाइस वाले ग्राहक बिना किसी अतिरिक्त लागत के हाई-स्पीड एयरटेल 5जी प्लस नेटवर्क का आनंद उठा सकेंगे। यानी ग्राहकों को एक्सट्रा पैसे नहीं चुकाने होंगे।
फिलहाल, Airtel 5G Shimla के माल रोड, संजोली, ढली, भट्टा कुफर, रिज और संजोली हेलीपैड क्षेत्र और कुछ अन्य चुनिंदा स्थानों पर फाइव जी इंटरनेट सेवाएं मिलेंगी। एयरटेल ने कहा कि आने वाले दिनों में पूरे शिमला में 5जी इंटरनेट सेवाओं का विस्तार होगा। कंपनी लगातार अपना नेटवर्क बढ़ा रही है।
शिमला में एयरटेल 5जी लॉन्च पर, अपर नॉर्थ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पुष्पिंदर सिंह गुजराल ने कहा, "एयरटेल के ग्राहक अब अल्ट्राफास्ट नेटवर्क का अनुभव कर सकते हैं और मौजूदा 4जी स्पीड की तुलना में 20-30 गुना तेज इंटरनेट का आनंद ले सकते हैं। पूरे शिमला में एयरटेल के ग्राहकों को हाई-डेफिनिशन वीडियो स्ट्रीमिंग, गेमिंग, मल्टीपल चैटिंग, फोटो को तुरंत अपलोड करने समेत इंटरनेट से जुड़ी सुपरफास्ट सर्विस मिलेगी।"
कंपनी ने कहा कि एयरटेल 5जी प्लस कंपनी की तरफ से दी जा रही सेवाओं के पूरे पोर्टफोलियो को मजबूत करेगा। 5जी इंटरनेट सेवाओं की शुरुआत के बाद हाई-डेफिनिशन वीडियो स्ट्रीमिंग होगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, विनिर्माण, कृषि जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications