पाकिस्तान से लौटने के बाद कहां गायब हो गई अंजू? नहीं मिल रही लोकेशन, बच्चे बोले- 'नहीं देखना मां को कभी...'
Anju In India: पाकिस्तान जाने वाली भारतीय महिला अंजू भारत में लौटने के बाद से सुर्खियों में हैं। राजस्थान के अलवर भिवाड़ी की रहने वाली अंजू जुलाई 2023 में पाकिस्तान चली गई थी, जहां उन्होंने अपने फेसबुक मित्र नसरुल्लाह (Nasrullah) से शादी की और इस्लाम धर्म को अपनाकर अंजू से फातिमा बन गई। वाघा बॉर्डर के रास्ते अंजू भारत वापस आई हैं। उन्हें आखिरी बार अमृतसर और दिल्ली एयरपोर्ट पर देखा गया था। जिसके बाद से वो सार्वजनिक तौर पर देखी नहीं गई हैं और ना ही उनके लोकेशन का पता चल पा रहा है।
दूसरी ओर अंजू के भारत लौटने की बात से उनके बच्चे खुश नहीं हैं। अंजू के बच्चों ने कहा है कि वे राजस्थान के भिवाड़ी में अपनी आवासीय सोसाइटी में उनसे नहीं मिलेंगे। अंजू की बेटी ने कहा कि, उन्हें अपनी मां से अब कभी नहीं मिलना है।

अंजू की 15 साल की बेटी और 6 साल का बेटा है। अंजू का दावा है कि वो अपने बच्चों से मिलने और अपने पहले पति अरविंद को तलाक देने आई हैं। अंजू ने यह भी दावा किया था कि वो अपने बच्चों को लेकर पाकिस्तान जाएंगी।
नहीं चल पा रहा है अंजू का कुछ पता!
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सप्ताह दिल्ली पहुंचने के बाद अंजू का कोई पता नहीं है। वह भिवाड़ी नहीं पहुंचीं और न ही अपने बच्चों से मिली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक अंजू अपने पिता गयाप्रसाद थॉमस के यहां ग्वालियर भी नहीं पहुंची हैं।
भिवाड़ी में जिस आवासीय सोसाइटी में अंजू रहती है, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सभी वाहनों और अजनबियों को गहन जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी गई। इंटेलिजेंस ब्यूरो की एक टीम ने अंजू के बच्चों, 15 साल की बेटी और छह साल के बेटे से भी पूछताछ की थी।
गिरफ्तार हो सकती हैं अंजू
भिवाड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) दीपक सैनी ने कहा कि अंजू के मामले की जांच चल रही है और लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अंजू से पूछताछ की जा सकती है और उसे गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से अंजू ने की थी बात
अंजू के वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटने के बाद पंजाब पुलिस की खुफिया टीम और आईबी ने उनसे अमृतसर में पूछताछ की और फिर बुधवार को दिल्ली जाने की इजाजत दे दी।
जब अंजू दिल्ली में उतरीं, तो उनसे पाकिस्तान में रहने के बारे में पूछा गया, लेकिन उन्होंने इस बारे में बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने दिल्ली हवाईअड्डे पर मीडिया से कहा, ''मैं अभी कुछ नहीं कहना चाहती। मैं खुश हूं।''












Click it and Unblock the Notifications