दिल्ली के बाद पंजाब में AAP सरकार पर आफत ? SAD ने 500 करोड़ के शराब घोटाले का आरोप लगाकर की ये मांग
चंडीगढ़, 31 अगस्त: आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली की शराब नीति को लेकर आरोपों के घेरे में है और अब पंजाब में भी उसकी सरकार पर आबकारी नीति के बहाने 500 करोड़ रुपए के कथित घोटाले का आरोप लग गया है। इस सिलसिले में राज्य की विपक्षी पार्टी शिरोमणि अकाली दल ने आज प्रदेश के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को एक ज्ञापन सौंपा है और 'प्रदेश की आबकारी नीति में 500 करोड़ रुपए के घोटाला' की जांच, सीबीआई और ईडी से कराने की मांग की है। अकाली दल ने यहां तक कहा है कि पंजाब में जो शराब नीति बनी,उसके पीछे भी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया हैं, जो पहले से ही सीबीआई की जांच के दायरे में हैं।

पंजाब की आबकारी नीति में भी दिल्ली मॉडल अपनाया-बादल
पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार की आबकारी नीति के खिलाफ अकाली दल ने मोर्चा खोल दिया है। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी की ओर से इस सिलसिले में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद कहा कि पंजाब की सरकार ने दिल्ली की तर्ज पर 'टेलर-मेड' आबकारी नीति तैयार की है, जिसे 'अवैध' पाया गया था और जिसपर सीबीआई की नजर है।
पंजाब में हुआ 500 करोड़ रुपए का शराब नीति घोटाला- अकाली दल
अब अकाली दल नेता बादल ने आरोप लगाया है कि 'दिल्ली की तरह का ही एक घोटाला पंजाब में भी हुआ है। यह 500 करोड़ रुपए का घोटाला है।' उन्होंने कहा, 'हमने गवर्नर से पंजाब में शराब नीति घोटाले की केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय से जांच का आदेश देने का अनुरोध किया है।' उन्होंने यहां तक दावा किया है कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने राज्य की आबकारी नीति तैयार करने में 'दिल्ली मॉडल' को अपनाया है और पंजाब के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने इस नीति को तैयार करने के लिए सिसोदिया के साथ एक बैठक भी की थी।
दिल्ली में शराब 'घोटाले' की सीबीआई कर रही है जांच
गौरतलब है कि दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने जुलाई में शराब नीति 2021-22 को लागू करने में कथित अनियमितता की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने आनन-फानन में अपनी नई शराब नीति वापस ले ली थी। शराब नीति 2021-22 को लागू करने में कथित अनियमितता की जांच के सिलसिले में 19 अगस्त को सीबीआई ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास समेत 31 ठिकानों पर छापेमारी भी की थी। मंगलवार को एजेंसी डिप्टी सीएम का बैंक लॉकर भी खंगाल चुकी है। गौरतलब है कि खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया इस मामले में पिछले कई दिनों से उपमुख्यमंत्री की गिरफ्तारी तक की आशंका जता रहे हैं। दिल्ली की राजनीति में इस समय इस घोटाले पर जमकर बवाल मचा हुआ है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications