अधीर चौधरी की विवादित टिप्पणी के बाद,स्मृति ईरानी ने की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन का दौरा किया और भारत के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। मंत्री स्मृति ईरानी के साथ दो विभागों के राज्य मंत्रियों - महेंद्र मुंजपारा, महिला ए
नई दिल्ली, 29 जुलाई: कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की आपत्तिजनक टिप्पणी पर संसद में मचे घमासान के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। स्मृति ईरानी के साध केंद्रीय राज्य मंत्री महेंद्र मुंजपारा और जॉन बारला भी राष्ट्रपति भवन पहुंचे। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही स्मृति ईरानी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का मामला लोकसभा में उठाया था। दरअसल अधीर रंजन चौधरी ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के मामले में एक चैनल को इंटरव्यू देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को 'राष्ट्रपत्नी' कहकर संबोधित किया था।
Recommended Video

इसके बाद स्मृति ईरानी ने गुरुवार को अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी का मुद्दा उठाया और इस अपमान के लिए कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान स्मृति ईरानी ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी ने ना केवल सर्वोच्च संवैधानिक पद और देश का अपमान किया, बल्कि ये महिलाओं और आदिवासियों का भी अपमान है।
इस दौरान संसद में जमकर हंगामा हुआ। लोकसभा में एक तरफ भाजपा ने सोनिया गांधी पर पार्टी की महिला सांसदों को डराने-धमकाने का आरोप लगाया, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने स्मृति ईरानी पर सदन के अंदर सोनिया गांधी का अपमान करने का आरोप लगाया। हालांकि अधीर रंजन चौधरी ने बाद में ये माना कि यह गलती से हुआ था और अगर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उनकी टिप्पणी से आहत हुई हैं तो वे राष्ट्रपति भवन जाकर व्यक्तिगत तौर पर उनसे माफी मांगने के लिए तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications