गौतम गंभीर के वोटर ID कार्ड वाले विवाद पर जानिए क्या कहा चुनाव अयोग ने
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन कार्यालय का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार गौतम गंभीर के दो वोटर पहचान पत्र होने के मामले में शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई होगी। आम आदमी पार्टी की पूर्वी दिल्ली की उम्मीदवार आतिशी ने गौतम गंभीर के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए आरोप लगाया है कि मतदाता के तौर पर वह राजेन्द्र नगर और करोलबाग विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत हैं जो जनप्रतिनिधि कानून का उल्लंघन है।

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा, 'हमें मीडिया में आई खबरों से जानकारी मिली कि गंभीर दिल्ली में एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत हैं। हमें इस बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही हम जांच शुरू करेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।' चुनाव आयोग चुनावों से पहले अक्सर मतदाता सूची में दोहरे नामों का पता लगाकर उन्हें हटा देता है। यह पूछने पर कि क्या अधिकारी गंभीर के मामले में नाम में दोहराव का पता लगाने में विफल रहे तो एक अधिकारी ने कहा, 'एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से दोहरे नामों को हटाने की प्रक्रिया की जाती है। इस तरह की अनियमितताएं पकड़ने में अगर सॉफ्टवेयर विफल रहता है तो इसके लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।'
गौतम गंभीर ने आरोपों को किया इंकार
गौतम गंभीर ने कहा कि जब आपके पास कोई विज़न नहीं है और पिछले 4.5 वर्षों में कुछ नहीं किया है, तो आप इस तरह के आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि उन पर लगे आरोपों पर फैसला चुनाव आयोग करेगा। जब आपके पास एक विजन है तो आप ऐसी नकारात्मक राजनीति नहीं करते हैं। गौतम गंभीर ने कहा कि मेरे पास केवल एक वोटर आईडी कार्ड है।












Click it and Unblock the Notifications