शत्रुघ्न सिन्हा पर कांग्रेस प्रत्याशी ने बोला हमला, कहा-उन्होंने 'पार्टी धर्म' का पालन नहीं किया
नई दिल्ली। लखनऊ सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी आचार्य प्रमोद कृष्णम ने हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए और पटना साहिब लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा पर निशाना साधा है। उन्होंने सिन्हा पर हमला बोलते हुए कहा कि, शत्रुघ्न जी ने 'पार्टी धर्म' का पालन नहीं किया। वह राजनीति को हल्के में ले रहे हैं। बता दें कि लखनऊ से आचार्य प्रमोद कृष्णम के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है।

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि राहुल गांधी शत्रुघ्न के रोड शो में शामिल हुए क्योंकि वे 'पार्टी धर्म' का पालन कर रहे थे, लेकिन शत्रुघ्न जी ने 'पार्टी धर्म' का पालन नहीं किया। वह राजनीति को हल्के में ले रहे हैं। राजनीति भारत के भविष्य से संबंधित है, इसमें संवेदनशीलता होनी चाहिए। आचार्य ने कहा, 'राजनीति भारत के भविष्य से जुड़ी है, कुछ समझ होनी चाहिए। यह राहुल गांधी की बड़ी सोच है कि उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा को सम्मान दिया लेकिन शत्रुघ्न सिन्हा को भी पार्टी को सम्मान देना चाहिए।
इससे पहले प्रमोद कृष्णम ने शत्रुघ्न सिन्हा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा था कि, शत्रु का पूरा परिवार आरएसएस से जुड़ा है। उनका कहना है कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद भी शत्रुघ्न सिन्हा का परिवार संघी है। शत्रुघ्न सिन्हा की हरकतों से लगता है कि उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन तो कर ली है, मगर अभी तक आरएसएस से इस्तीफा नहीं दिया है। बिहार के पटना साहिब से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा यहां सपा-बसपा गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रही हैं।
गौरतलब है कि लखनऊ सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है। वह यहां 28 साल से जीत रही है। यहां से गृहमंत्री राजनाथ सिंह मौजूदा सांसद हैं और इसबार भी पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उन्हें चुनौती देने के लिए अखिलेश यादव ने पूनम सिन्हा को पार्टी ज्वाइन कराया है, तो कांग्रेस ने टीवी डिबेट में चर्चित प्रमोद कृष्णम पर दांव चला है। जानकारों के मुताबिक लखनऊ सीट पर करीब साढ़े तीन लाख कायस्थ मतदाता हैं और सवा लाख सिंधी वोटर भी हैं। एसपी ने इसी समीकरण के आधार पर पूनम सिन्हा को टिकट दिया है। लेकिन, कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने ही दूसरे उम्मीदवार के खिलाफ जिस तरह से मोर्चा खोला है, वह पार्टी की उलझन को और बढ़ा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications