आप विधायकों को जिताने वाले योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण होंगे पार्टी से बाहर
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की आंतरिक कलह इस कदर बढ़ गयी है कि पार्टी की रीढ़ कहे जाने वाले योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण को पार्टी से बाहर किये जाने की मांग उठने लगी है। आम आदमी पार्टी के दिल्ली विधायकों ने पार्टी को एक पत्र लिखकर दोनों ही शीर्ष नेताओं को पार्टी से निकालने की मांग की है।

वहीं आप नेता संजय सिंह ने कहा है विधायकों की सिफारिश का पत्र प्राप्त हुआ है और पार्टी इस पर विचार करने के बाद इसपर फैसला लेगी। वहीं प्रशांत भूषण की बहन शालिनी गुप्ता ने उस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया है कि प्रशांत ने एनआरआई टीम से पार्टी को चंदा नहीं देने को कहा था।
शालिनी ने कहा कि मैंने ऐसा कोई मेल कभी भी एनआरआई टीम को नहीं किया जिसमें उनसे चंदा नहीं देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि आप की ओर से किसी को भी इस तरह का मेल नहीं प्राप्त हुआ है। वहीं उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप पार्टी की छवि को बहुत नुकसान पहुंचा रही है।
वहीं आप विधायक कपिल शर्मा का कहना है कि पार्टी के भीतर अनुशासनहीनता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योगेंद्र और प्रशांत और शांति भूषण को पार्टी से बाहर किया जाना चाहिए। शर्मा ने ये भी कहा कि किसी भी विधायक पर पत्र लिखने के लिए दबाव नहीं बनाया गया है।
पार्टी के विधायकों ने अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर योगेंद्र यादव, प्रशांत भूषण और शांति भूषण को पार्टी से बाहर निकाल कर एक मिसाल कायम करने की अपील की है। वहीं अपने उपर लगे आरोपों पर योगेंद्र यादव का कहना है कि इन सभी मुद्दों पर सबसे पारदर्शिता के साथ बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश के लोगों को हकीकत का पता चलना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications