जम्मू-कश्मीर में AAP ने दिया एनसी को समर्थन, उपराज्यपाल को सौंप दिया समर्थन पत्र
Jammu Kashmir: अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस को अपना समर्थन देने का ऐलान किया है। पार्टी ने इसके लिए उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में बनने वाली सरकार के लिए समर्थन का औपचारिक पत्र उपराज्यपाल को सौंप दिया है। मालूम हो कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में आप ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीती हैं। गठबंधन में शामिल कांग्रेस को महज 6 सीट प्राप्त हुई। बीजेपी ने 29, पीडीपी ने 3 और पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, माकर्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी और आप ने 1-1 सीट जीती।
श्रीनगर में JKNC विधायक दल की बैठक में पार्टी के उपाध्यक्ष उमर अबदुल्ला को अपना नेता चुना है। तो वहीं, शुक्रवार को कांग्रेस विधायक दल अपने नेता को चुनने के लिए बैठक करेगी। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारीक हमीद कर्रा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुनने के लिए मीटिंग करेंगे। पार्टी प्रवक्ता ने कहा, बैठक में जो भी नेता चुना जाएगा उसका नाम पार्टी आलाकमान के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।

उमर अबदुल्ला कर रहे कांग्रेस के समर्थन पत्र का इंतजार
JKNC उपाध्यक्ष उमर अबदुल्ला ने कहा कि कुल 7 निर्दलीय विधायकों में से 4 ने अपना समर्थन दे दिया है, जिससे विधानसभा में संख्याबल का आंकड़ा 46 हो गया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के साथ बातचीत जारी है। एक दिन फैसला करने का वक्त दिया गया है। जैसे ही कांग्रेस की तरफ से समर्थन पत्र मिलेगा, मैं सरकार बनाने का दावा पेश करूंगा। बता दें कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्तूबर को तीन चरणों में हुए थे। वोटों की गिनती 8 अक्तूबर को संपन्न हुई थी। NC और कांग्रेस गठबंधन को कुल 48 सीटें मिली थी। जम्मू-कश्मीर के केंद्र प्रशासित राज्य बनने के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।












Click it and Unblock the Notifications