चुनावी तैयारी में जुटी AAP ने जारी किया स्लोगन- 'अच्छे बीते पांच साल, लगे रहो केजरीवाल'
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी प्रमुख सियासी दल अपनी चुनावी तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे में दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी भी चुनावी मोड में आ चुकी है। पार्टी ने आगामी चुनाव को लेकर नया नारा जारी किया है। आम आदमी पार्टी की ओर से 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जो नारा जारी किया गया है, उसमें पार्टी ने बीते पांच साल के कार्यकाल का जिक्र किया है। इसी के साथ पार्टी का पूरा फोकस अपनी सरकार में किए गए कार्यों पर ही होगा।

2020 विधानसभा चुनाव के लिए AAP का नया नारा
2020 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी जो नारा दिया है, वो है- 'अच्छे बीते पांच साल-लगे रहो केजरीवाल'। पार्टी की ओर से इस नारे को लॉन्च किए जाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों के लिए AAP ने अपना चुनावी अभियान शुरू कर दिया।

मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में जारी किया गया नया नारा
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में 'अच्छे बीते पांच साल-लगे रहो केजरीवाल' नारा जारी किया। इस नए स्लोगन के जरिए पार्टी का फोकस इसी बात पर है कि पिछले पांच साल के दौरान पार्टी ने अच्छा काम किया है। पांच साल ठीक चले, केजरीवाल आगे भी चलते रहें।

'दिल्ली के लोगों की प्रतिक्रिया पर आधारित है नया नारा'
इस दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि यह नारा दिल्ली के लोगों की प्रतिक्रिया पर आधारित है। बता दें कि साल 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रदेश की 70 में से 67 सीटें अपनी नाम की थीं। हालांकि, आगामी चुनाव में पार्टी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की कंसल्टेंसी फर्म I-PAC के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ेगी।
इसे भी पढ़ें:- CAA Protest: सीएम केजरीवाल की केंद्र सरकार से अपील, कानून लाने की बजाय रोजगार लाएं












Click it and Unblock the Notifications