Aaj Ka Mausam: दिल्ली-NCR में आंधी-तूफान, UP-बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट! पढ़ें वेदर अपडेट
Aaj ka Mausam (Weather 4 october 2025): बारिश और बदलते मौसम ने एक बार फिर से देश के राज्यों का मिजाज बदल दिया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, बिहार, झारखंड, बंगाल, राजस्थान और कश्मीर तक बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। आने वाले 2-3 दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और यहां तक कि ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।
4 से 7 अक्टूबर तक देश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम बिगड़ा रहेगा। कहीं आंधी-तूफान, कहीं ओलावृष्टि और कहीं बर्फबारी देखने को मिलेगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी जा रही है। आइए जानें देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम।

🔹दिल्ली-NCR में 6 अक्टूबर से आंधी-बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल हल्की ठंडक और बादलों के बीच सुहाना मौसम बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि 6 अक्टूबर से मौसम का मिजाज अचानक बदल जाएगा। इस दौरान तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है। विभाग ने 7 अक्टूबर तक येलो अलर्ट जारी कर दिया है। आज (4 अक्टूबर) दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है।
🔹यूपी में तूफानी बरसात, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों से बारिश का दौर जारी है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में शुक्रवार रात जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 36 घंटे तक यूपी में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है।
देवरिया, बलिया और कुशीनगर में बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। 5 से 7 अक्टूबर तक पश्चिमी यूपी में तेज बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, वाराणसी, जौनपुर, बस्ती, बलरामपुर और अंबेडकरनगर में भी भारी बारिश के आसार हैं।
🔹बिहार में 7 अक्टूबर तक अलर्ट, पटना में रुक-रुक कर बारिश
बिहार में मानसून अभी भी पूरी तरह सक्रिय है। पटना, भागलपुर, सीवान और बक्सर समेत कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 35 जिलों में येलो और 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव का असर बिहार पर पड़ रहा है। यह दबाव 5 अक्टूबर तक और सक्रिय होगा, जिससे पूर्वी बिहार और झारखंड तक लगातार बारिश होती रहेगी।
🔹कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी
कश्मीर घाटी में मौसम ने अचानक करवट ली है। बारामूला के गुलमर्ग और अनंतनाग के सिंथन टॉप पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली।
मौसम विभाग ने बताया कि 5 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी बढ़ सकती है। हालात को देखते हुए वैष्णो देवी यात्रा 5 से 7 अक्टूबर तक रोक दी गई है।
🔹राजस्थान में बारिश और आंधी का दौर
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार बारिश हो रही है। अलवर, धौलपुर, करौली, नागौर और जोधपुर में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि 5 और 6 अक्टूबर को बीकानेर और जोधपुर संभाग में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जयपुर और उदयपुर संभागों में भी 7 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
🔹बंगाल और ओडिशा में 'रेड अलर्ट'
बंगाल की खाड़ी पर बना गहरा दबाव ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों को प्रभावित कर रहा है। पश्चिम बंगाल के हुगली, बांकुड़ा, पुरुलिया और उत्तर 24 परगना जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।
ओडिशा में पुरी, गंजाम, गजपति, कोरापुट और कंधमाल जिलों में 20 सेमी से ज्यादा बारिश की चेतावनी दी गई है। ओडिशा में मौसम विभाग ने 7 जिलों में रेड अलर्ट और 16 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
🔹झारखंड में भारी बारिश का खतरा
झारखंड में भी आज से 4 अक्टूबर तक तेज बारिश का अलर्ट है। दुमका, गोड्डा, पाकुर, चतरा और गढ़वा जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली गिरने और तेज हवाओं की वजह से फसलों को नुकसान हो सकता है। कुछ जिलों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा भी जताया गया है।
🔹मध्य प्रदेश और पहाड़ी राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी की सक्रिय प्रणालियों के कारण अभी मानसून पूरी तरह विदा नहीं हुआ है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होती रहेगी।
हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में भी 4 से 7 अक्टूबर तक तेज बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यहां लोगों को गैर-जरूरी यात्राएं टालने की सलाह दी गई है।
🔹पूरे देश में 7 अक्टूबर तक बदला रहेगा मौसम
IMD के मुताबिक, उत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य भारत और दक्षिण भारत-सभी हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा। उत्तर भारत में दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना है।
पूर्वी भारत में बंगाल, झारखंड और ओडिशा में बाढ़ जैसे हालात बनने का खतरा मंडरा रहा है। मध्य भारत में एमपी और छत्तीसगढ़ में झमाझम बरसात होगी। दक्षिण भारत में आंध्र और तेलंगाना के तटीय जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं।












Click it and Unblock the Notifications