76 लाख रुपये का सोना AI की फ्लाइट में सीट के नीचे छिपाकर दुबई से जयपुर ला रहा था पैसेंजर, ऐसे पकड़ाया
दिल्ली, 16 नवंबर: जयपुर एयरपोर्ट पर एक यात्री को 76 लाख रुपये के सोने के बार के साथ पकड़ा गया है। यात्री जिस तरह से सोना विमान में छिपाकर ला रहा था, उससे कस्टम अधिकारी भी हैरान हैं। मंगलवार की यह दूसरी घटना है। पहले दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी करीब 2.5 किलो सोना बरामद किया गया था। वह पैसेंजर भी सीट के नीचे ही सोना छिपाकर ला रहा था। दूसरे मामले में उसने सीट के नीचे रहने वाली लाइफ जैकेट में सोना छिपा रखा था और वह फ्लाइट स्पाइसजेट की थी।

विमान की सीट के नीचे छिपा था 76 लाख रुपये का सोना
जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकरियों ने दुबई से सोने के दो बार ला रहे एक यात्री को हिरासत में ले लिया है। उसकी सीट के नीचे से करीब 1,500 ग्राम सोना बरामद हुआ है। अधिकारियों को खुफिया सूचना मिली थी कि एक यात्री एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-942 में चोरी-छिपे दुबई से सोना लेकर जयपुर आ रहा है। यह सूचना फौरन कस्टम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर बीबी अटल को दी गई। जब अधिकारी सीट तक पहुंचे तो पाया गया कि यात्री ने कुशन में सोना छिपाकर रखा हुआ था। कमिश्नर के मुताबिक पूछताछ में आरोपी यात्री ने खुलासा किया है कि विमान में जो सोना रखा गया था, उसे एयरलाइन का ही एक स्टाफ लेने वाला था, जिसे वह नहीं जानता।

99.50% शुद्ध है सोना
जयपुर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा है कि इस घटना में ग्राउंड स्टाफ का भी कोई रोल हो सकता है, जिसकी छानबीन की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि कस्टम अधिकारियों ने जो सोना पकड़ा है वह 99.50% शुद्ध है और 1.500 किलोग्राम वजन का है, जिसकी कीमत 75.9 लाख रुपये होती है। कस्टम ने यह सोना कस्टम ऐक्ट 1962 की धाराओं के तहत जब्त कर लिया है।

दिल्ली के आईजीआई पर पकड़ा गया 2.5 किलो सोना
इससे पहले न्यूज एजेंसी एएनआई के हवाले से ही मंगलवार सुबह खबर आई थी कि दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशन एयरपोर्ट पर 2.5 किलो सोना पकड़ा गया है और वो भी विमान में सीट के अंदर छिपाकर लाया जा रहा था। उस मामले में बरामद की गई सोने के बिस्किट की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इस रिपोर्ट में कस्टम अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि सोना लाइफ जैकेट में छिपाकर रखा गया था, जो दुबई से आई स्पाइसजेट के विमान में सीट के अंदर दबा हुआ था। जानकारी के मुताबिक संदिग्ध यात्री भारतीय नागरिक है, जो तीन वर्षों के बाद भारत लौटा है। उसने बताया कि उससे यही कहा गया था कि सोना विमान में छोड़कर उतर जाए।

दुबई से लगातार पहुंच रहा है तस्करी का सोना
इससे पहले 7 नवंबर को भी अबू धावी से एक पैसेंजर से करीब दो किलो सोना बरामद किया गया था। तब उस सोने की कीमीत करीब 90.17 लाख बताई गई थी और उस यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया था। वह शख्स अपने लगेज में छिपाकर तस्करी का सोना ला रहा था। ये सारे वे मामले हैं जो कस्टम की जानकारी में आ गए हैं। लेकिन, जिस पैमाने पर यह हो रहा, उसमें कई बार यह सोना एयरपोर्ट से बाहर निकल जाने की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है और जयपुर वाले मामले से लगता है कि इसमें ग्राउंड स्टाफ की भी मिलीभगत हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications