Pahalgam Attack: डिप्लोमेसी से डिजिटल तक, 9 दिन में मोदी सरकार के 9 कड़े प्रहार, हर मोर्चे पर घिरा पाकिस्तान
Pahalgam Attack: आतंक को पालने वाले पाकिस्तान के खिलाफ भारत की मोदी सरकार लगातार एक्शन में है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हथियारों से लैस आतंकियों ने निहत्थे और निर्दोष पर्यटकों को अपनी गोलियों का निशाना बनाया। 26 बेकसूर लोगों को मौत के घाट उतार दिया। इस आतंकी हमले के बाद भारत एक्शन में हैं और हमले के बाद 9 दिन में पाकिस्तान पर 9 तीखे प्रहार किए हैं।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर हर मोर्चे पर दबाव बढ़ा दिया है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान जाने के बाद केंद्र सरकार ने कड़े और निर्णायक कदम उठाए हैं, जिससे पाकिस्तान को राजनयिक, आर्थिक और सामरिक स्तर पर तगड़ा झटका लगा है।

मोदी सरकार ने 9 दिनों के भीतर ऐसे 9 तीखे प्रहार किए हैं, जिससे जमीन, पानी और हवा हर तरह से पाकिस्तान घिर चुका है। भारत सरकार ने बुधवार को पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया है। ऐसे में जानिए अब तक पाकिस्तान के खिलाफ क्या-क्या एक्शन लिया जा चुका हैं।
अटारी-वाघा बॉर्डर सील
22 अप्रैल को हुए हमले के अगले दिन यानी 23 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक में पहला बड़ा फैसला लिया गया। भारत-पाक के अटारी चेक पोस्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया, जिससे पाकिस्तानी नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह रोका जा सके।
पाक राजनयिकों को निष्कासन का आदेश
भारत ने इस कूटनीतिक मोर्चे पर सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान में मौजूद अपना दूतावास अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया। वहीं भारत में कार्यरत पाकिस्तानी राजनयिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया।
उच्चायोग स्टाफ की संख्या में कटौती
भारत और पाकिस्तान के उच्चायोगों में कार्यरत कर्मियों की संख्या घटाकर 30 कर दी गई है। रक्षा, नौसेना और वायुसेना सलाहकारों को "persona non grata" घोषित कर भारत छोड़ने को कहा गया है।
SAARC वीजा छूट पर रोक
पाकिस्तान को दिए जा रहे SAARC वीजा छूट की सुविधा तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। इससे अब पाकिस्तान के नागरिक किसी विशेष वीजा छूट का लाभ नहीं उठा सकेंगे।
सिंधु जल समझौता सस्पेंड
सबसे अहम कदमों में से एक था 1960 के सिंधु जल संधि को निलंबित करना। इस फैसले के बाद पाकिस्तान की कृषि, बिजली और जल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है, क्योंकि देश की अधिकांश जल निर्भरता सिंधु प्रणाली पर है।
डिजिटल स्ट्राइक
भारत सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स और कई X (पूर्व ट्विटर) हैंडल्स को ब्लॉक किया है, जो भारत विरोधी दुष्प्रचार में लिप्त पाए गए। डिजिटल क्षेत्र में यह पहली बार है जब इतने समन्वित तरीके से कार्रवाई हुई है।
सेना को खुली छूट
प्रधानमंत्री मोदी ने सेना प्रमुखों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आतंकवाद के खिलाफ किसी भी आवश्यक कार्रवाई के लिए सशस्त्र बल पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
LOC पर सख्त जवाब
सीमा पर पाकिस्तान की ओर से बार-बार सीजफायर उल्लंघन का भारतीय सेना ने सख्ती से जवाब दिया है। खुफिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने आतंकियों के लॉन्च पैड को सीमाओं से पीछे खिसकाने की कोशिश शुरू कर दी है।
एयरस्पेस बंद
सबसे ताजा फैसले के तहत भारत ने 30 अप्रैल से 23 मई तक पाकिस्तान के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इससे पाकिस्तान की उड़ानों को लंबा रूट लेना पड़ेगा, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications