बच्चे को गंजा किया, भौंवें साफ कीं और फिर चढ़ा दी बलि

काकुल को गंजा कर दिया गया था, उसकी दोनों भौंवें साफ कर दी गई थीं। शव के ऊपर फूल की पंखुड़ियां थीं और माथे पर टीका। उसके कान और नाक से खून रिस रहा था। शव को देख साफ हो गया कि उसकी हत्या नहीं बल्कि बलि दी गई है। यह खबर जब काकुल के परिजनों को दी गई तो घर में कोहराम मच गया। मां का हाल इतना बुरा था कि वो रह-रह कर बेहोश हो जा रही थी। पिता की आंखों से आंसू मानों रुक ही नहीं रहे थे।
हीमपुर दीपा थाना में यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि काकुल अपने ताऊ के घर से अकेले निकला था, जिसके बाद वो अपने घर नहीं पहुंचा। रात को ही घर वालों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रात को ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दी गई। सुबह जब स्थानीय लोग काम पर जा रहे थे, तभी एक बाग के पास काकुल का शव मिला।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। हत्यारों का पता लगाने के लिये पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। खबर लिखे जाने तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications