केंद्र ने विदेशों से मिली मदद का दिया 'हिसाब', जानिए राज्यों को की गई कितनी सप्लाई?
नई दिल्ली, 19 मई। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में भारत को विदेशों से मिली मदद को केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों मे वितरित कर रही हैं। केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि अब वैश्विक मदद के रूप में पहुंचे 19 ऑक्सीजन प्लांट, 11,325 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 15,801 ऑक्सीजन सिलिंडर और 6.1 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन को 27 अप्रैल से 17 मई के बीच विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों को भेजा जा चुका है।

कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत को विदेशों से मदद मिलना लगातार जारी है। बुधवार को डेनमार्क से 92 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स की खेप भारत पहुंची है। भारत सरकार 27 अप्रैल से विभिन्न देशों और संगठनों से कोविड-19 राहत चिकित्सा आपूर्ति और उपकरणों के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सहयोग ले रही है।
राज्यों को वितरण जारी
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि एक व्यवस्थित तंत्र के माध्यम से विभिन्न विभागों ने मिलने वाली वैश्विक सहायता को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में तेजी से वितरित करने के लिए सरकार के साथ सहयोग किया है।
इसमें कहा गया है कि 11,325 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स, 15,801 आक्सीजन सिलिंडर्स, 19 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, 8516 वेंटिलेटर्स या बाइपैप और 6.1 लाख रेमडेसिविर की शीशियां सड़क या फिर हवाई जहाज के माध्यम से 27 अप्रैल से मई के बीच भेजी गई हैं।
मंत्रालय ने बताया कि राज्यों व केंद्र शासित क्षेत्रों व संस्थानों को सुव्यवस्थित और तत्काल वितरण लगातार किया जा रहा है और प्रक्रिया की नियमित आधार पर निगरानी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications