कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में दिखी गिरावट, 24 घंटों में मिले 56,211 मरीज
भारत में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ हफ्तों में लगातार वृद्धि देखने को मिली है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 56,211 नए मामले सामने आए।
नई दिल्ली। भारत में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ हफ्तों में लगातार वृद्धि देखने को मिली है, लेकिन मंगलवार को इसमें गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना के 56,211 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 37,028 लोग इस दौरान ठीक हुए वहीं, 271 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हो गई।

Recommended Video
नए मामलों के साथ भारत में कोरोना के कुल 1 करोड़, 20 लाख, 95 हजार, 855 केस हो गए हैं, जबकि 1 करोड़,13 लाख, 93 हजार, 21 लोग इस संक्रमण से अब तक मुक्ति पा चुके हैं जबकि इस वायरस से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1 लाख 62 हजार 114 हो गई है।
यह भी पढ़ें: फारूक अब्दुल्ला हुए कोरोना वायरस संक्रमित, बेटे उमर अब्दुल्ला बोले- पूरा परिवार होम क्वारंटाइन में
वहीं, भारत में कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान तेजी से जारी है। अभियान के तहत अब तक कुल 6 करोड़ 11 लाख 13 हजार 354 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। कोरोना के बढ़ते मामलों ने केंद्र व संबंधित राज्य सरकारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इसको लेकर केंद्र सरकार लगातार राज्य सरकारों से संपर्क बनाए हुए हैं। देश में लगातार हो रहे टीकाकरण के बावजूद कोरोना के मामलों में वृद्धि सरकार की चिंता का कारण बना हुआ है।
वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ लोग कोरोना को बहुत हल्के में ले रहे हैं। इस वजह से उन्होंने कोरोना को लेकर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी छोड़ दिया है जिसके कारण मामलों में तेजी देखी जा रही है। भारत में कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र हुआ है, जिसके चलते वहां रात्रि कर्फ्यू लगाया गया है। महाराष्ट्र के अलावा पंजाब, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ से सबसे अधिक केस सामने आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications