गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को ब्लैकमेल करने वाले 5 गिरफ्तार, फोन करके मांगी थी रंगदारी
नई दिल्ली, 24 दिसंबर: केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को ब्लैकमेल करने वाले 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। टेनी का बेटा आशीष मिश्रा ही लखीमपुर खीरी कांड का मुख्य आरोपी है, जिस पर किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप लगा है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक टेनी के स्टाफ ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ लोग फोन करके उनसे रंगदारी मांग रहे हैं। जिसके बाद दिल्ली में एक एफआईआर दर्ज की गई। इसी केस में चार आरोपियों को दिल्ली और एक को नोएडा से गिरफ्तार किया गया है।

टेनी का बेटा आशीष अभी जेल में ही बंद है। साथ ही विपक्षी दल लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रहे। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से टेनी को राहत मिली थी, जहां उनके और यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के ऊपर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर दायर याचिका खारिज हो गई। याचिका बीएसएफ के पूर्व जवान तेज बहादुर यादव ने दायर की थी। उन्होंने कहा था कि टेनी और केशव प्रसाद ने लखीमपुर खीरी कांड से चार दिन पहले किसानों को परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। साथ ही ये पूरा कांड सोची समझी साजिश थी। ऐसे में दोनों पर केस दर्ज किया जाए।
Recommended Video
कई दिन बाद आए थे नजर
आशीष मिश्रा के जेल जाने के बाद टेनी विपक्षी दलों के निशाने पर थे। इसी बीच उन्होंने पत्रकारों से गाली-गलौज की, जिसके बाद पार्टी हाईकमान ने उन्हें दिल्ली तलब कर लिया। इसके बाद कुछ दिनों तक वो मीडिया से दूर रहे। 21 तारीख को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने साइबर अपराध खतरे, चुनौतियां और रिस्पॉन्स विषय पर दिल्ली में एक बैठक आयोजित की। जिसमें गृहमंत्री अमित शाह के साथ टेनी भी नजर आए। हालांकि उन्होंने मीडिया से पूरी दूरी बनाए रखी।
संसद में जमकर हंगामा
संसद का शीतकालीन सत्र तो खत्म हो गया है, लेकिन इस बार विपक्षी दलों ने लखीमपुर खीरी कांड को जमकर उठाया। साथ ही रोजाना लोकसभा और राज्यसभा में टेनी के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा हुआ। हालांकि सरकार के सूत्रों ने साफ किया है कि अभी पार्टी और पीएम दोनों उनके इस्तीफे के पक्ष में नहीं हैं।












Click it and Unblock the Notifications