पाकिस्तान ने रात भर सरहद पर बरसाईं गोलियां, 60 पोस्टों को बनाया निशाना
जम्मू। पाकिस्तान ने मंगलवार को भी रात भर इंटरनेशनल बॉर्डर और एलओसी पर फायरिंग की। पाक की ओर से भारत की 60 पोस्टों को निशाना बनाया गया है।

भारतीय सेना और बीएसएफ की ओर से पाक को इसका कड़ा जवाब दिया गया है। सूत्रों की मानें तो भारत की ओर से हुई कार्रवाई में पाक के 15 सैनिक मारे गए हैं। पुंछ में पाक की ओर गोलियां बरसाई गईं और इसमें एक जेसीओ के घायल होने की खबरे हैं।
इस बीच मंगलवार देर रात रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने तीनों सेना प्रमुखों के साथ एक बैठक की। इस बैठक के बाद ही पाक के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया गया है।
वहीं पाक अखबार 'पाक ट्रिब्यून' ने दावा किया है कि भारत की ओर से हो रही फायरिंग में दो पाक नागरिक मारे गए हैं। पाक ने बीएसएफ की करीब 60 पोस्टों पर निशाना साधा और बीएसएफ ने भी इसका कड़ा जवाब दिया है।
जम्मू के कठुआ, सांबा, अखनूर और आरएसपुरा सेक्टर में लगातार फायरिंग हो रही है। वहीं पाक रेंजर्स अरनिया सेक्टर के माशे-दे-कोठे गांव में 82 मोर्टार शेल से हमले कर रहे हैं।
यह वही गांव है, जिसमें पाकिस्तान की फायरिंग में 4 नागरिकों की मौत हो गई थी।
इसके साथ ही अरनिया के सामने पाकिस्तान में एक चौकी को सेना ने निशाना बनाया। इस चौकी से भारतीय सेना पर की जा रही गोलीबारी को निर्देश दिया जा रहा था।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान में कम से कम 15 सैनिकों के मारे जाने की खबर है।
इसके अलावा पीर पंजाल की ओर दक्षिणी एलओसी के मेंढर, बिंबरगली और पूंछ के साथ कठुआ, सांबा, अरनिया, आरएसपुरा और अखनूर सेक्टर में पूरी रात फायरिंग की खबर है।
सीमा सुरक्षा बल के डायरेक्टर डीके पाठक जम्मू में लगातार कैम्प किए हुए हैं और पूरी रात सेना के साथ संपर्क बनाए हुए हैं। इस बीच, सीजफायर उल्लंघन पर भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के साथ फ्लैग मीटिंग से इनकार कर दिया है।
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग रुकने तक बीएसएफ से फ्लैग मीटिंग ना करने को कहा गया है। गृह मंत्रालय ने पहले बीएसएफ को फ्लैग मीटिंग का निर्देश दिया था, लेकिन, अब भारत पाकिस्तान के पहल का इंतजार करेगा।












Click it and Unblock the Notifications