ह्यूमन ट्रैफिकिंग की शिकार 10 लड़कियों को केन्या से मुक्त कराया गया: सुषमा स्वराज
सुषमा स्वराज ने बताया है कि विदेश मंत्रालय पंजाब सरकार के साथ विस्तृत जानकारी साझाा कर रहा है ताकि मामले में संलिप्त उक्त एजेंटों एवं लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सके।
नई दिल्ली। केन्या में बंधक बनाई गईं तीन भारतीय लड़कियों को मुक्त करवा लिया गया है साथ ही सात नेपाली लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी है। ये लड़कियां मानव तस्करी में संलिप्त संगठित अपराध गिरोह की शिकार हो गयी थीं। सुषमा स्वराज ने बताया है कि लड़कियों को विमान से वापस लाया जा रहा है। उनके पासपोर्ट और फोन ले लिये गये थे और उन्हें मोम्बासा में बंधक बनाकर रखा गया था।

एजेंटों के खिलाफ दर्ज होगा मुकदमा
सुषमा स्वराज ने बताया है कि विदेश मंत्रालय पंजाब सरकार के साथ विस्तृत जानकारी साझाा कर रहा है ताकि मामले में संलिप्त उक्त एजेंटों एवं लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सके। मंत्री ने लड़कियों को बचाने में केन्या में भारतीय उच्चायुक्त सुचित्रा दुरई एवं प्रथम सचिव करण यादव के प्रयासों की भी सराहना की। विदेश मंत्री ने मदद के लिये केन्या की पुलिस का भी शुक्रिया अदा किया है।

नौकरी का झांसा देकर केन्या ले जाया गया था
इन लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर केन्या ले जाया गया था और वहां उनके पासपोर्ट-फोन छीन लिए गए। पिछले दिनों इस मामले की जानकारी मिलने पर विदेश मंत्रालय ने कार्रवाई की है।

सुषमा ट्विटर पर काफी सक्रिय रहती हैं
सुषमा स्वराज ट्विटर पर काफी सक्रिय रहती हैं। वो ट्विटर के माध्यम से ही कई बार लोगों की मदद कर चुकी हैं। ट्विटर पर उनकी सक्रियता को देखते हुए लोग भी उन्हें अपनी समस्या बताते हैं। सुषमा स्वराज ने तल्ख संबंधों के बावजूद कई पाकिस्तानी नागरिकों की भी मदद की है।












Click it and Unblock the Notifications